101 किलो देशी घी का हलवा बंटेगा

धर्मपुर में सीएम के दौरे पर लोगों में भारी उत्साह

धर्मपुर – मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के धर्मपुर दौरे को लेकर लोगों में भारी उत्साह है। भाजपा भी इस दौरे को किसी उत्सव से कम मान कर नहीं चल रही है। भाजपा कार्यकर्ता दौरे को सफल बनाने के लिए जी जान से जुटे हुए हैं। इतना ही नहीं युवा मोर्चा मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान मंडप में 101 किलो देशी घी का हलवा बनाकर जनसभा में आए लोगों को बांटेंगे।  भाजयुमों प्रदेश महामंत्री रजत ठाकुर के नेतृत्व में युवा मोर्चा के कार्यकर्ता मुख्यमंत्री का काफिला जिस भी रास्ते से गुजरेगा, वहां पर हर जगह भाजपा के झंडे व लडि़यां लगाकर सजा दिया है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार मुख्यमंत्री धर्मपुर विधानसभा के दौरे पर आ रहे हैं। सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री ठाकुर महेंद्र सिंह ने क्षेत्र में अलग-अलग कार्यक्रम स्थलों पर जाकर तैयारियों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान एक तरफ जहां करोड़ों के शिलान्यास और उद्घाटन होंगे, वहीं दूसरी तरह क्षेत्र के लोगों को कई घोषणाओं की भी उम्मीदें हैं। धर्मपुर क्षेत्र में लंबे समय से स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार की मांग सरकार से रही है।  इस बार क्षेत्र के लोगों को उम्मीद है कि धर्मपुर अस्पताल को लेकर या स्वास्थ्य के क्षेत्र में कोई बड़ी घोषणा हो सकती है। इसके साथ ही धर्मपुर में उपरोजगार कार्यालय खोलने की मांग भी लंबे समय से लोग कर रहे हैं।  भाजयुमों प्रदेश महामंत्री रजत ठाकुर ने स्वयं मुख्यमंत्री के दौरे को सफल बनाने की कमान संभाल रखी है। रजत ठाकुर हर क्षेत्र में  कार्यक्रम स्थलों में जाकर तैयारियों का जायजा लेकर दौरे को सफल बनाने में जुटे हैं।

अपने सपनों के जीवनसंगी को ढूँढिये भारत  मैट्रिमोनी पर – निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!