By: Apr 4th, 2018 12:20 am

सेब-मटर की फसल को भारी नुकसान, रोहतांग-बारालाचा में हिमपात

शिमला — हिमाचल प्रदेश में मौसम ने फिर से कहर बरपाना शुरू कर दिया है। मंगलवार को कुल्लू के रोहतांग बारालाचा सहित साथ लगती चोटियों पर ताजा हिमपात हुआ। मंडी के सराज और आनी में कई संस्थानों में तूफान के साथ भारी ओलावृष्टि हुई। इससे सेब सहित अन्य नकदी फसलों को भारी नुकसान की सूचना है। मंडी के निचले क्षेत्रों और चंबा में भी कई स्थानों पर बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में नौ अप्रैल तक मौसम कहर बरपाएगा। इस दौरान कुछ स्थानों पर गर्जन व तूफान के साथ बारिश की संभावना जताई जा रही है। जबकि मैदानी इलाकों में छह व नौ अप्रैल को छोड़ कर शेष दिन मौसम साफ बना रहेगा। मंगलवार को कुल्लू के रोहतांग में आधा फुट, बारालाचा में एक फुट तक हिमपात रिकार्ड किया गया। इसके अलावा कुल्लू के शिखर देव और हनुमान टिब्बा में भी हिमपात हुआ है। मंडी के सराज, आनी में विशालाधार, खनाग, बुशहर में तूफान के साथ भारी ओलावृष्टि हुई। इससे सेब, मटर सहित अन्य नकदी फसलों को भारी नुकसान हुआ है।   मौसम में आए बदलाव से कई स्थानों पर अधिकतम तापमान में एक से चार डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट आई। केलांग के अधिकतम तापमान चार कल्पा, धर्मशाला में 2.0 डिग्री तक पारा लुढ़का है, जबकि शेष हिमाचल के अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी आई है। राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 22.7, सुंदरनगर में 30.8, भुंतर में 29.5, कल्पा में 19.6, धर्मशाला 25.8, ऊना में 35.8, नाहन में 30.2, केलांग में 14.8, सोलन में 26.5, कांगड़ा में 30.8, बिलासपुर में 32.7, हमीरपुर में 31.1, चंबा में 28.6 और डलहौजी में 16.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि पहाड़ी क्षेत्रों में 9 अप्रैल तक मौसम खराब बना रहेगा।  मैदानी इलाकों में छह व नौ अप्रैल तक मौसम शुष्क बना रहेगा।

बागबानों के उड़ने लगे होश

मौसम में आई करवट से बागबानों के होश उड़ने लगे हैं। राज्य के निचले व मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में इन दिनों सेब के पौधों में फ्लावरिंग का क्रम चल रहा है। ऐसे में बारिश-ओलावृष्टि फसल को प्रभावित कर सकती है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App