585 मंडियों में ऑनलाइन बिकेगा सेब

By: Apr 2nd, 2018 12:20 am

प्रदेश में पहली बार सोलन सब्जी मंडी में ई-नाम सुविधा, अच्छे रेट की जगी उम्मीद

सोलन— देश की 585 मंडियों में हिमाचली सेब इस वर्ष ऑनलाइन बिकेगा। बागबानों को ई-नाम के माध्यम से यह सुविधा मिलने जा रही है। सोलन सब्जी मंडी प्रदेश की पहली व एकमात्र ऐसी मंडी होगी, जहां राष्ट्रीय कृषि बाजार ई-नाम सुविधा को हाईटेक किए जाने के लिए धर्मकांटा, प्रयोगशाला व नीलामी मंच की सुविधा प्रदान की जा रही है। इस वर्ष सेब सीजन शुरू होने से पहले बागबानों को ई-नाम के माध्यम से यह तमाम सुविधाएं मुहैया करवा दी जाएगी। यह सुविधा मिलने के बाद बागबानों को सेब के अच्छे रेट मिलने की उम्मीद है। प्रदेश के बागबानों  की आर्थिक स्थित सेब पर निर्भर करती है। शिमला, किन्नौर, मंडी, कुल्लू में सेब का सबसे अधिक  उत्पादन होता है। प्रत्येक वर्ष करीब एक हजार करोड़ रुपए से अधिक के सेब का व्यवसाय प्रदेश में किया जाता है। सेब सहित अन्य उत्पादों का बागबानों व किसानों को अच्छा रेट मिले, इसी उद्देश्य से केंद्र सरकार ने 14 अप्रैल, 2014 में राष्ट्रीय कृषि बाजार ई-नाम सुविधा शुरू की थी। पहले चरण में देश की मात्र 21 मंडियों में ई-नाम सुविधा को परीक्षण के तौर पर शुरू किया गया था, इन मंडियों में प्रदेश से केवल सोलन-मंडी को शामिल किया गया था। इन मंडियों में ई-नाम सुविधा के सफल होने के बाद 31 मार्च, 2018 तक लक्ष्य रखा गया था कि 585 मंडियों को ई-नाम से जोड़ा जाएगा। इन मंडियों में प्रदेश की 19 मंडियां शामिल हैं। केंद्र सरकार ने निर्धारित लक्ष्य को पूरा कर लिया है। इस वर्ष प्रदेश के बागबानों को ई-नाम सुविधा का सबसे अधिक लाभ  मिलने जा रहा है। बागबान एक जगह बैठकर देश भर की मंडियों में अपने उत्पादों की नीलामी कर सकेंगे। सबसे अधिक रेट  देने वाले व्यापारी को बागबान सेब व अन्य उत्पाद बेच सकेंगे। यह सारी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। सेब की पेमेंट भी बागबानों के खाते में ऑनलाइन ही जमा हो जाएगी। करीब दो करोड़ रुपए की लागत से सोलन सब्जी मंडी को हाइटेक किया जा रहा है। राष्ट्रीय कृषि बाजार ई-नाम से संबंधित आधुनिक सुविधाएं यहां जुटाई जा रही हैं। सेब के आलावा मटर, लहसुन, टमाटर, शिमला मिर्च व फ्रांसबीन को भी ऑनलाइन बेचा जा रहा है।

पांच करोड़ की ऑनलाइन पेमेंट

अब तक 18 हजार बागबानों व किसानोें को पांच करोड़ रुपए की ऑनलाइन पेमेंट दी जा चुकी है। मार्केट कमेटी सोलन के सचिव प्रकाश कश्यप का कहना है कि राष्ट्रीय कृषि बाजार ई-नाम को आधुनिक रूप दिया जा रहा है। सेब सीजन शुरू होने से पहले सभी प्रकार की आधुनिक सुविधाएं जुटा दी जाएंगी। सोलन सब्जी मंडी में बैठकर बागबान देश की 585 मंडियों में उत्पाद ऑनलाइन बेच सकेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App