60 लाख का कपड़ा स्वाह

By: Apr 30th, 2018 12:15 am

रिवालसर बस स्टॉप के पास आधी रात को सुलगा क्लाथ हाउस,  दो लाख कैश भी राख

रिवालसर – रिवालसर बस स्टॉप के साथ कपड़ा व्यापारी महेंद्र पाल की दुकान में शनिवार देर रात रात करीब 12 बजे आग लग गई। अग्निकांड में दुकान के अंदर रखा लाखों रुपए का कपड़ा व नकदी जलकर राख हो गई है।  हालांकि स्थानीय जनता,पुलिस व मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड की टीम के प्रयासों से रात करीब डेढ़ बजे तक आग पर काबू पा लिया गया था, जिससे आसपास के मकान व दुकानों को जलने से बचा लिया गया। परंतु दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।  दुकान के मालिक प्रेम चंद व उसके लड़के महेंद्र पाल ने पुलिस को दिए अपने लिखित बयान में कहा है कि रात डेढ़ बजे के करीब मेरे दोस्त  ने मुझे फोन पर जानकारी दी कि दुकान में आग लग गई है। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि दुकान के शटर को तोड़  कर दूर फेंका गया था और दुकान में रखा कपड़ा धू-धू कर जल रहा था। महेंद्र पाल ने इस घटना के पीछे गत महीनों से चल रहा जमीनी विवाद की वजह बताई है।  उन्होंने इस घटना को अंजाम देने में किन्ही लोगों की साजिश बताया है। आग लगने से दुकान में रखा करीब 60 लाख का कपड़ा व दो लाख की नकदी जल कर राख हो गई है। नगर पंचायत के अध्यक्ष लाभ सिंह, उपाध्यक्ष महेंद्र पाल,  व्यापार मंडल के प्रधान ढमेश्वर ठाकुर सहित स्थानीय जनता व व्यापार मंडल के मामले की छानबीन कर दोषियों के खिलाफ  कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। थाना प्रभारी बल्ह नोख राम ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा है कि घटना के साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जल्द ही कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

शक के आधार पर तीन हिरासत में

रिवालसर में कपड़ा दुकान में आग लगने के मामले में  पुलिस ने शक के आधार पर तीन लोगों को हिरासत में लिया है। प्रभावित दुकानदार ने तीन लोगों द्वारा आग लगाने की शिकायत पुलिस में दर्ज करवाई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए  आरोपित कमलेश व बालक राम निवासी रिवालसर, ललित कुमार  गांव बाहलड़ा थीना गल्लू को हिरासत में ले लिया है। आपसी रंजिश के चलते आरोपियों ने शनिवार को देर रात दुकान को आग लगा दी । मामले की पुष्टि थाना प्रभारी नोख राम ने की है।

अपने सपनों के जीवनसंगी को ढूँढिये भारत  मैट्रिमोनी पर – निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App