आज से तूफान-ओलावृष्टि

विभाग ने जारी की चेतावनी, कल भी तेवर दिखाएगा मौसम 

शिमला— हिमाचल प्रदेश में बुधवार से फिर मौसम के मिजाज बदलेंगे। मौसम विभाग ने राज्य के मैदानी इलाकों सहित शिमला, मंडी, कुल्लू, चंबा और सिरमौर जिले के एक-दो स्थानों पर प्रचंड आंधी के साथ बारिश, ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। राज्य को उक्त क्षेत्रों में तीन मई को भी यह सिलसिला जारी रहेगा। मौसम विभाग की मानें तो राज्य के पहाड़ी क्षेत्रों में छह मई तक मौसम खराब बना रहेगा।  प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मंगलवार को मौसम साफ बना रहा। राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में दोपहर बाद बादलों के घिरने और ठंडी हवाओं के चलने से अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आंकी गई है, जबकि न्यूनतम तापमान में  बढ़ोतरी आई है।  मौसम विभाग के पूर्वानुमान अगर सटीक बैठते हैं तो आगामी दिनों में जनता को गर्मी से राहत मिलेगी। खास तौर पर राज्य के मैदानी इलाकों में लोग प्रचंड गर्मी से त्रस्त हैं। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश के मैदानी इलाकों सहित मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर आगामी दो दिनों तक प्रचंड आंधी के साथ बारिश ओलावृष्टि होगी। पहाड़ों पर 6 मई तक मौसम खराब बना रहेगा। मैदानी इलाकों में 4 मई के बाद मौसम शुष्क रहेगा।

अपने सपनों के जीवनसंगी को ढूँढिये भारत  मैट्रिमोनी पर – निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!