कड़ूनाला में बाढ़, यात्री फंसे

पांगी-लाहुल को जोड़ने वाला ब्रिज आया चपेट में, रोहली में भू-स्खलन ने बढ़ाई टेंशन

केलांग—उदयपुर-किलाड़ मार्ग पर कडूनाला में बाढ़ आने से दर्जनों लोग घाटी में फंस गए हैं। पांगी घाटी को लाहुल से जोड़ने वाला कड़ूनाला ब्रिज भी बाढ़ की जद में आ गया है। लाहुल-स्पीति प्रशासन ने मौके पर जहां अपनी टीम को भेजा है वहीं, आपदा प्रबंधन की टीम भी मौके पर पहुंच चुकी है। जानकारी के अनुसार उदयपुर-किलाड़ मार्ग पर कड़ूनाला में अचानक बाढ़ आ गई। इस कारण  जहां उदयपुर-किलाड़ मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया है। वहीं, रोहली के पास भू-स्खलन होने से दोनों घाटियों में गाडि़यां फंस गई है। हालांकि प्रशासन का कहना है कि बाढ़ के कारण कड़ूनाला पुल को ज्यादा क्षति नहीं पहुंची है, जबकि मार्ग पर हुए भू-स्खलन से आए मलबे को हटाने का काम शुरू कर दिया गया है। एसडीएम केलांग अमर नेगी का कहना है कि आपदा प्रबंधन की टीम ने उन्हें इस घटना की सूचना दी है। उन्होंने बताया कि प्रशासन ने भी अपनी एक टीम को मौके पर जायजा लेने के लिए भेजा है। उन्होंने बताया कि बाढ़ की जद में आए पुल के क्षतिग्रस्त हो जाने से इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई है। प्रशासन पानी   कम होने का इंतजार कर रहा है। फिलहाल बाढ़ से किसी भी प्रकार  का जानी नुकसान नहीं हुआ है। यहां बता दें कि कड़ूनाला चंबा और लाहुल को जोड़ने वाला सीमावर्ती क्षेत्र है। यहां बता दें कि इस घाटी में बहने वाले नदी-नाले कभी भी उफान पर आ जाते हैं। ऐसे में प्रशासन ने लोगों ने आग्रह किया है कि मौसम को ध्यान में रखते हुए   इस क्षेत्र में सफर करें। उदयपुर-किलाड़ मार्ग पर गाडि़यों में फंसे यात्रियों की सुरक्षित होने की भी प्रशासन ने पुष्टि की है। उल्लेखनीय है कि लाहुल घाटी में इन दिनों जहां बर्फ पिघलने का दौर शुरू हो गया है। ऐसे में घाटी के नदी-नालों का जलस्तर भी कभी घट-बढ़ रहा है। लाहुल की ऐसी कई घाटियां हैं। जिनमें इन दिनों सफर करना भी जोखिम भरा बना हुआ है। हालांकि प्रशासन ने लोगों को खराब मौसम को ध्यान में रखते हुए सतर्कता बरतने के लिए कहा है। लिहाजा, मौसम के लगातार बदल रहे तेवर ने लाहुल के उदयपुर-किलाड़ मार्ग को यातायात के लिए प्रभावित कर दिया है। उधर, प्रशासन का कहना है कि कडूनाला में कितने यात्री फंसे हैं, उसकी संख्या की सही जानकारी नहीं मिल पाई है। उम्मीद है कि उक्त मार्ग यातायात के लिए जल्द बहाल हो जाएगा।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!