कसौली कांड के बाद छावनी में बदला गगरेट

गगरेट – कसौली में उच्चतम न्यायालय के आदेश की अनुपालना करवाने गई सहायक योजनाकार की गोली मारकर की गई हत्या के बाद पुलिस सतर्क हो गई है। कानूनी विवाद में फंसे औद्योगिक क्षेत्र गगरेट में स्थित एक उद्योग को लेकर बांबे हाईकोर्ट द्वारा दिए गए एक निर्णय के चलते उद्योग में स्थापित मशीनरी को सील करने आए बांबे हाई कोर्ट के प्रतिनिधियों द्वारा सोमवार को हिमाचल पुलिस से सुरक्षा मांगने के चलते उक्त उद्योग पुलिस छावनी में तबदील हो गया। सोमवार दोपहर से लेकर देर शाम तक यह तय नहीं हो पाया कि कौन सी मशीनरी सील की जानी है। समाचार लिखे जाने तक बांबे हाई कोर्ट के प्रतिनिधि उद्योग परिसर में ही मौजूद थे। उद्योग के स्वामित्व को लेकर उपजे विवाद के बाद एक पार्टनर ने इससे किनारा कर लिया और औद्योगिक क्षेत्र गगरेट में स्थित उद्योग पर अपना दावा जताया था। हालांकि दूसरे पक्ष की दलील थी कि उक्त उद्योग में लगी मशीनरी काफी हद तक उसकी है। इसी के चलते दूसरा पक्ष इस मामले को लेकर बांबे हाई कोर्ट में चला गया। बांबे हाई कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद दूसरे पक्ष की दलील पर उद्योग में स्थापित मशीनरी को सील करने के आदेश पारित कर दिए। इसके चलते सोमवार को पुलिस दल को साथ लेकर बांबे हाई कोर्ट के प्रतिनिधि उद्योग में प्रवेश कर गए। हालांकि इस उद्योग का संचालन कर रहे पक्ष की दलील थी कि उद्योग में लगी मशीनरी उनकी है और, जिस मशीनरी का दावा किया जा रहा है वह कंडम हो चुकी है। सोमवार को दोपहर से लेकर देर शाम तक यही कशमकश चलती रही। समाचार लिखे जाने तक मशीनरी सील करने की कार्रवाई पूरी नहीं हो पाई थी। डीएसपी मनोज जम्वाल का कहना है कि बांबे हाई कोर्ट के आदेश पर कार्रवाई करने आए अधिकारियों को सुरक्षा प्रदान की गई है। उधर, इस उद्योग में स्थापित मशीनरी पर दावा जता रहे दोनों पक्ष प्रतिक्रिया के लिए उपलब्ध नहीं हो पाए।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!