दियोथल-चांजू थ्री को 512 करोड़

फ्रांस की फंडिंग एजेंसी ने चंबा में प्रोजेक्टों को मंजूर किए 80 मिलियन यूरो

शिमला— फ्रांस की फंडिंग से चंबा के चांजू नाला में दो बड़ी विद्युत परियोजनाएं स्थापित होंगी। चांजू नाला के दियोथल में 274 करोड़ से 30 मेगावाट का प्रोजेक्ट लगेगा। इसी नाले पर 48 मेगावाट की चांजू-थ्री विद्युत परियोजना स्थापित होगी। दोनों परियोजनाओं का निर्माण हिमाचल प्रदेश पावर कारपोरेशन करेगा। इसके लिए फ्रेंच फंडिंग एजेंसी ने 80 यूरो मिलियन के बजट की स्वीकृति प्रदान कर दी है। इसमें 90 प्रतिशत आर्थिक अनुदान केंद्र सरकार का होगा। अहम है कि राज्य को लंबे समय बाद केंद्रीय सहायता से विद्युत परियोजनाएं मिली हैं। दियोथल चांजू विद्युत परियोजना के निर्माण पर अनुमानित खर्च 273 करोड़ 91 लाख होगा। इसके लिए भूमि चयन प्रक्रिया पूरी कर इसके अधिग्रहण औपचारिकताएं शुरू कर दी गई हैं। पावर कार्पोरेशन के अधिकारियों ने इसकी डीपीआर बनानी आरंभ कर दी है। इसी नाले पर फ्रांस की फंडिंग से चांजू चरण-तीन परियोजना का निर्माण होगा। कुल 48 मेगावाट की इस परियोजना पर अनुमानित खर्च 418 करोड़ 57 लाख आएगा। राज्य सरकार के निर्देश पर इसके लिए भू-अधिग्रहण की प्रक्रिया में प्रशासन जुट गया है। इस परियोजना की डीपीआर पर काम आरंभ हो गया है। आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि तमाम विभागों और मंत्रालय से अनापत्ति प्रमाण पत्र मांगे गए हैं। इस प्रक्रिया के पूरा होते ही परियोजना के निर्माण के लिए निविदाएं आमंत्रित की जाएंगी। बहरहाल, जिला में कारपोरेशन की इन दो विद्युत परियोजनाओं के स्थापित होने से आर्थिकी को बल मिलेगा। जिला में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। चमेरा विद्युत परियोजनाओं के निर्माण के चलते चंबा जिला के हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट के लिए अलग पहचान बनी है।

अपने सपनों के जीवनसंगी को ढूँढिये भारत  मैट्रिमोनी पर – निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!