ननखड़ी – वन, परिवहन एवं युवा सेवाएं व खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने शुक्रवार देर शाम ननखड़ी में पंडित दीन दयाल उपाध्याय जिला स्तरीय द्वितीय खेलकूद प्रतियोगिता के समापन समारोह की अध्यक्षता की। इस प्रतियोगिता का आयोजन पंडित दीन दयाल उपाध्याय खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रकोष्ठ महासू जिला द्वारा किया गया। इस खेलकूद प्रतियोगिता में बॉलीबाल, कबड्डी और रस्साकस्सी खेलों के प्रतिस्पर्धा आयोजित करवाई गई, जिसमें ग्रामीण स्तर, वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल और अन्य जिलों की टीमों ने भाग लिया। प्रदेश सरकार द्वारा ऐसे जिले बहुदेश्यीय इंडोर कॉपलैक्स की सुविधा उपलब्ध नहीं है, वहां यह सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए 15 करोड़ रुपए का बजट प्रावधान किया जा सकता है। मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के अंतर्गत राज्य सरकार प्रत्येक विधान सभा क्षेत्र में एक खेल का मैदान विकसित करेगी, इसके लिए वर्तमान वित्त वर्ष में 6.80 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। राज्य में विद्यमान खेलकूद सुविधाआें के पुर्नद्वार के लिए वर्तमान सरकार दो करोड़ रुपए का बजट प्रावधान किया गया है। गोविंद ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग और क्षेत्र के समान विकास क लिए प्रतिबद्ध है। सरकार सुशासन और सर्वांगीण विकास की दिशा में नई सोच और नई पहल के साथ दक्षता से कार्य कर रही है। अधिकारियों को लीक से हटकर सोचने व कार्य संस्कृति अपनाने के लिए प्रेरित किया गया है। सबका साथ-सबका विकास के मूलमंत्र को अपनाते हुए वर्तमान सरकार ने एक ऐसे हिमाचल के निर्माण का संकल्प लिया है, जहां प्रत्येक नागरिक राज्य के विकास में समान रूप से भागीदार हो और आम व्यक्ति का हित एवं सम्मान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता हो। उन्होंने कहा कि खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रकोष्ठ को खेलों के आयोजन के लिए एक लाख रुपए और ननखड़ी बस अड्डे के निर्माण के लिए दस लाख रुपए, ननखड़ी में खेल स्टेडियम बनाने के लिए दस लाख रुपए प्रदान करने की घोषणा की तथा कहा कि कृष्ण कृपा गोपाल गौशाला ननखड़ी के लिए भी धनराशि उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने गउशाला के लिए भूमि स्थानांतरण करने के लिए संबंधित विभाग को निर्देश दिए और गौशाला में बिजली व जल की आपूर्ति जल्द करने के लिए आदेश दिए। इससे पूर्व, संस्था के अध्यक्ष परस राम खूंद ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और उन्हें प्रतियोगिता के आयोजन के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा संगठन महामंत्री पवन राणा, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता शशिदत्त शर्मा, जिला महासू भाजपा अध्यक्ष अजय श्याम, जिला शिमला भाजपा संगठन प्रभारी बिहारी लाल शर्मा, अध्यक्ष भाजपा मंडल रामपुर शशि भूषण श्याम, पूर्व भाजपा प्रत्याशी प्रेम सिंह द्रैक, एसडीएम रामपुर निपुण जिंदल, तहसीलदार ननखड़ी वीना ठाकुर और गणमान्य लोग उपस्थित थे।