पालमपुर में हृदय रोग की सेवाएं शुरू

वीएमआई में डाक्टर आदर्श भार्गव बतौर विशेषज्ञ देंगे सेवाएं

पालमपुर – अपनी विशेषज्ञ सेवाओं एवं जटिल से जटिल बीमारियों के उपचार और निदान में क्षेत्रवासियों को भरोसेमंद और विश्वस्तरीय चिकित्सा सेवाएं प्रदान कर रहे विवेकानंद मेडिकल इंस्टीच्यूट में अब हृदय रोगों से जूझ रहे मरीजों के लिए चिकित्सा सेवाओं का शुभारंभ कर दिया है। विवेकानंद अस्पताल के निदेशक डा. विमल दूबे ने अस्पताल के विशेषज्ञ डाक्टरों एवं अन्य स्टाफ  की उपस्थिति में इन सेवाओं का शुभारंभ किया। डा. दूबे ने कहा कि पालमपुर में इस प्रकार की सेवाएं उपलब्ध न होने से मरीजों को प्रदेश से बाहर जाना पड़ता था, लेकिन अब ये सुविधाएं क्षेत्रवासियों के लिए उचित मूल्यों पर विवेकानंद अस्पताल में हर दिन 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी। विवेकानंद अस्पताल के हृदय रोग विशेषज्ञ डा. आर्दश भार्गव ने कहा कि हृदय रोग निदान में विवेकानंद मेडिकल इंस्टीच्यूट पालमपुर क्षेत्र का एकमात्र ऐसा संस्थान बन गया है, जिसमें ईको, ईसीजी, टीएमटी, पीएफटी व ईएमजी सहित अन्य तमाम सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। डा. आर्दश भार्गव इससे पहले अपोलो अस्पताल लुधियाना एवं नरायणा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में बतौर हृदय रोग विशेषज्ञ सेवाएं प्रदान कर चुके हैं।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!