बेटियां चलाएंगी टैक्सी यूनियन

मनाली में सैलानियों का फूलों से होगा वेलकम, चार को जिम्मा

मनाली— मनाली टैक्सी यूनियन प्रदेश की पहली ऐसी यूनियन होगी, जिसे चलाने की जिम्मेदारी महिलाओं की होगी। यहां पहुंचने वाले सैलानियों के स्वागत से लेकर उन्हें मंजिल तक पहुंचाने की पूरी व्यवस्था यूनियन के कार्यालय में तैनात चार लड़कियों के कंधों पर होगी। नारी शक्ति को सम्मान देते हुए मनाली टैक्सी यूनियन ने यह फैसला लिया है कि अब यूनियन का संचालन महिलाएं करेंगी। मनाली घूमने आने वाले सैलानी जैसे ही टैक्सी यूनियन के कार्यालय पहुंचेगे तो यहां तैनात महिलाओं द्वारा सैलानियों को फूल देकर जहां उनका स्वागत किया जाएगा, वहीं उनके लिए पानी व जूस की भी व्यवस्था निःशुल्क की जाएगी।  यूनियन के इस निर्णय को जहां लोगों ने काफी सराहा है, वहीं प्रदेश मुख्यमंत्री ने मनाली दौरे के दौरान खुद टैक्सी यूनियन के कार्यालय में पहुंच इन महिलाओं से मुलाकात की और यूनियन के अध्यक्ष राज कुमार डोगरा की पीठ थपथपाई। यूनियन के कार्यालय में तैनात चार लड़कियों में कृति, रूपा, तनू व गौरी शामिल हैं। प्रदेश में हिम आंचल टैक्सी आपरेटर यूनियन जहां सबसे ज्यादा गाडि़यों वाली पहली यूनियन है, वहीं अब यूनियन ने एक और तमगा हासिल कर लिया है। हिम आंचल टैक्सी आपरेटर यूनियन मनाली के अध्यक्ष राज कुमार डोगरा का कहना है कि यूनियन की हाल ही में हुई बैठक में यह निर्णय लिया था कि लोगों की टैक्सी संचालकों व ड्राइवरों के प्रति सोच बदलने के लिए कुछ ऐसा नया काम किया जाए, जो अतिथि देवो भवः की तर्ज पर हो। उन्होंने कहा कि यूनियन के सदस्यों ने मिलकर यह फैसला किया कि मनाली कार्यालय को अब  महिलाएं चलाएंगी।

अपने सपनों के जीवनसंगी को ढूँढिये भारत  मैट्रिमोनी पर – निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!