राष्ट्रपति के सिर सजेगी सोलन में बनी टोपी

संगत सिंह पुंडीर को मिला छह टोपियों का आर्डर, चार शिमला भेजीं

सोलन –हिमाचली टोपियों के मुरीद राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के सिर पर सोलन की निर्मित पहाड़ी टोपी ही उनके शिमला व सोलन प्रवास के दौरान सजेगी। राष्ट्रपति दिल्ली में भी सोलन के एक घराने विशेष द्वारा निर्मित टोपियां पहनते हैं। हिमाचल के मुख्यमंत्री, सांसद प्रो. वीरेंद्र कश्यप व भाजपा कोर ग्रुप के नेता चंद्रमोहन ठाकुर सहित कई अन्य दिग्गज नेता राष्ट्रपति को पहाड़ी टोपी जब भेंट करते हैं तो अधिकांश तौर पर सोलन के संगत सिंह पुंडीर की यूनिट से ही खरीद कर ले जाते हैं। हिमाचल प्रवास के दौरान उन्हें गिफ्ट करने के लिए कुल छह टोपियों का आर्डर सोलन की इकाई को मिला है। इनमें से चार टोपियां राष्ट्रपति के स्वागत समारोह के लिए भेज दी गई हैं तथा दो टोपियां नौणी विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में भेंट की जाएंगी। यह सभी टोपियां मैरून रंग की हैं। उन्होंने कुछ समय पूर्व संगत सिंह को राष्ट्रपति भवन बुलाकर उनकी इच्छानुसार टोपी में संशोधन करने को कहा था। संगत सिंह राष्ट्रपति के सिर पर फिट बैठने वाली टोपी के नाप व उनकी पसंद से भलीभांति वह परिचित हैं। वह 1992 से यह कारोबार करते आ रहे हैं तथा अब प्रतिमाह एक हजार से भी अधिक टोपियां तैयार कर बेचते हैं। संगत सिंह के पुत्र अभिनव का कहना है कि महामहिम राष्ट्रपति के सोलन व शिमला आगमन के लिए उन्हें मैहरून रंग की छह टोपियों का आर्डर मिला था। इसमें से चार शिमला भेज दी गई हैं तथा दो टोपियां नौणी विश्वविद्यालय भेजी जा रही हैं।

प्रधानमंत्री भी मुरीद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी सोलन में बनी टोपियों को पसंद करते हैं। कुछ माह पहले इजरायल की यात्रा के दौरान उन्होंने सोलन में निर्मित मैहरून रंग की टोपी पहनी थी।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!