रोहडू में सेक्स रैकेट पकड़ा

देह व्यापार की सरगना गिरफ्तार, चंडीगढ़ की लड़कियों से करवाया जाता था गैरकानूनी धंधा

रोहडू— रोहडू में पुलिस ने एक सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। प्रदेश में इस सेक्स रैकेट की सरगना महिला को गिरफ्तार किया है, जो चंडीगढ़ की रहने वाली है। वहीं, एक अन्य व्यक्ति के भी इसमें शामिल होने का अंदेशा है, जिसे पकड़ने के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। साथ ही पुलिस ने आरोपी महिला के पर्स से चार हजार रुपए भी बरामद किए हैं। छानबीन में खुलासा हुआ है कि आरोपी कई सालों से रोहडू में चंडीगढ़ से लड़कियों बुला देह व्यापार का कारोबार कर रही थीं। पुलिस ने बताया कि इस केस में गिरफ्तार महिला को मुख्य आरोपी बनाया गया है। बताया जा रहा है कि पुलिस पिछले दो दिन से महिला की धरपकड़ में थी, जिसके लिए तीन होटलों में भी पुलिस ने दबिश दी थी। जानकारी के मुताबिक पुलिस को शहर में सेक्स रैकेट चलाने की सूचना मिली थी, जिसके बाद ही पुलिस टीम ने नकली ग्राहक के जरिए महिला दलाल से संपर्क किया। उसने महिला से बातचीत की तो चार हजार रुपए में वह लड़की मुहैया करवाने को तैयार हो गई। सौदा तय होने के बाद शुक्रवार रात रोहडू के एक निजी होटल में महिला दलाल अपने साथ युवती को लेकर आई और ग्राहक को वहां बुलाया। इसी बीच पुलिस टीम ने वहां पर रेड मार दी और महिला दलाल को काबू कर लिया। 30 वर्षीय महिला दलाल ने जिस लड़की को सेक्स रैकेट में धकेला है, वह भी चंडीगढ़ की रहने वाली है और जिसकी उम्र 25 साल है। पुलिस ने यह कार्रवाई मुखबिरों से सूचना मिलने के बाद की है।

अपने सपनों के जीवनसंगी को ढूँढिये भारत  मैट्रिमोनी पर – निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!