वर्ल्ड्स ट्विंस डांस प्रतियोगिता के टॉप-10 में सोलन की बहनें

चीन में छाईं ‘दिव्य हिमाचल’ के डीएचडी से निकलीं रिया-श्रेया

सोलन — सोलन की रहने वाली जुड़वा बहनें रिया व श्रेया ने चीन में चल रही वर्ल्ड्स ट्विंस डांस प्रतियोगिता के टॉप-10 में जगह बना ली है। दुनिया के 64 देशों के कलाकारों को पछाड़ कर यह दोनों कलाकार जीत के बेहद करीब हैं। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला दो मई को चीन के मोजयांग शहर में होगा। ‘दिव्य हिमाचल मीडिया ग्रुप’ द्वारा आयोजित डांस हिमाचल डांस के मंच से निकली प्रतिभाएं रिया व श्रेया दुनिया भर में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। चीन सरकार द्वारा प्रत्येक वर्ष वर्ल्ड्स ट्विंस फेस्टीवल का आयोजन किया जाता है। फेस्टीवल में रिया-श्रेया भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। सोमवार को दोनों बहनों का मोजयांग शहर में पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। सोमवार देर रात उन्हें चीन के प्रसिद्ध फेस्टीवल स्ट्रीट डिन्नर में भाग लेने का अवसर मिला।  डिन्नर में इन्हें दुनिया के 64 देश के प्रसिद्ध व्यंजन चखने को मिले। इसके बाद दोनों ने प्रतियोगिता में भाग लिया। प्रतियोगिता में दुनिया के विभिन्न देशों से आए करीब 500 से अधिक कलाकारों ने भाग लिया। सेमीफाइनल मुकाबले के लिए कुल 35 कलाकारों का चयन किया गया था, जिसमें रिया-श्रेया भी शामिल थीं। सेमीफाइनल में दोनों ने बेहतरीन भांगड़ा किया। दमदार प्रस्तुती के बाद इनका चयन टॉप-10 के लिए हुआ है। दो मई को फाइनल मुकाबला होगा। इन कलाकारों को चीन की प्रसिद्ध पाम वॉल पर भी ऑटोग्राफ देने का मौका मिला है। रिया-श्रेया के पिता हिमेश जग्गी व माता भूमिका जग्गी ने बताया कि उनकी बेटियां चीन में न केवल हिमाचल, बल्कि पूरे भारत का नाम रोशन कर रही हैं।

ऊना की पुनिका भारद्वाज एलपीयू की एंबेसेडर

ऊना— जिला ऊना की बेटी पुनिका भारद्वाज की पढ़ाई के बाद बेहतरीन सफलता को देखते हुए लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी जालंधर में उनको एंबेसेडर अवार्ड से नवाजा है। पुनिका भारद्वाज ने एलपीयू से बीटेक की पढ़ाई की है और बेहतरीन स्कोर हासिल कर एलपीयू की मेधावी छात्रा के रूप में पहचान बनाई है। एलपीयू ने अपने टीवी विज्ञापन में भी पुनिका को एंबेसेडर के तौर पर प्रस्तुत किया है। पुनिका भारद्वाज ने एलपीयू से डिग्री लेने के बाद अमरीका के फ्लोरिडा में एमएस साइबर सिक्योरिटी एंड इन्फारमेशन में डिग्री की है। वर्ष 2016 में फ्लोरिडा की नामी कंपनी ने उन्हें नियुक्ति दी है। पुनिका ऊना के मशहूर डाक्टर दंपत्ति प्रवीण भारद्वाज व इंदु भारद्वाज की बड़ी बेटी है। उन्होंने भी बेटी की उपलब्धि पर हर्ष जताया है। पुनिका भारद्वाज की प्रारंभिक शिक्षा दसवीं तक डीएवी सेंटनरी पब्लिक स्कूल ऊना से हुई है। जमा दो तक की शिक्षा चंडीगढ़ उसके बाद एलपीयू ओर फ्लोरिडा में शिक्षा ग्रहण करने के बाद पुनिका सफलता से अपना मुकाम हासिल कर रही हैं।

अपने सपनों के जीवनसंगी को ढूँढिये भारत  मैट्रिमोनी पर – निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!