सरकारी जमीन से काट डाले 24 पेड़

 धर्मपुर —वन परिक्षेत्र कमलाह के अंतर्गत पड़ने वाले जरल ल्हासे रा नाल में सरकारी भूमि से एक व्यक्ति ने 24 पेड़ काट डाले हैं। वन विभाग ने उक्त व्यक्ति के खिलाफ पुलिस थाना धर्मपुर में मामला दर्ज करवाकर कार्रवाई शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 22 मई को वन विभाग के वन परिक्षेत्र अधिकारी ठाकर दास व डिप्टी रेंजर सुरेंद्र पाल को अज्ञात नंबर से पेड़ काटने की शिकायत प्राप्त हुई। इस पर वन विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों ने तहकीकात की और उसके उपरांत 30 मई को पुलिस थाना धर्मपुर में वन विभाग के अधिकारियों ने सरी निवासी अच्छर सिंह पुत्र धौना राम के खिलाफ सरकारी भूमि से पेड़ काटने का मामला दर्ज करवाया है।  अच्छर सिंह ने सरकारी भूमि से विभिन्न किस्म, जिसमें शीशम, सीरस, आलम इत्यादि के पेड़ काट दिए हैं और इस पर वन विभाग ने पुलिस में मामला दर्ज करवाया है। वन परिक्षेत्र अधिकारी ठाकर दास ने कहा कि अच्छर सिंह की मिलकीयत भूमि के साथ यह सरकारी भूमि थी और इसकी पूरी छानबीन वन विभाग को करनी पड़ी, उसके बाद इस मामले को पुलिस थाना धर्मपुर में ले जाया गया, जहां मामला दर्ज करवाया है। वन विभाग की शिकायत पर पुलिस ने अच्छर सिंह के खिलाफ पुलिस थाना धर्मपुर में धारा 379 आईपीसी 33 आईएफए के तहत मामला दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। थाना प्रभारी धर्मपुर सूरम सिंह इस मामले की छानबीन कर रहे हैं। वहीं डीएसपी सरकाघाट चंद्रपाल ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!