सलूणी में कार बाइक फूंकी

सलूणी— उपमंडल मुख्यालय से करीब एक किलोमीटर दूर कालेज रोड पर गोठ के पास शनिवार  रात्रि को शरारती तत्त्वों ने आग लगाकर एक कार व मोटरसाइकिल फूंक डाले। आग की इस घटना में साथ सटी दुकान को भी नुकसान हुआ है। पीडि़त लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी है। पुलिस ने घटना की रपट रोजनामचे में डालकर आगजनी की घटना को अंजाम देने वालों की तलाश आरंभ कर दी है। पुलिस का दावा है कि जल्द शरारती तत्त्वों का पता लगाकर हवालात में धकेल दिया जाएगा। जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात गोठ बाजार में पार्क एक कार व मोटरसाइकिल को शरारती तत्त्वों ने आग के हवाले कर दिया। आग लगने से कार में  शार्ट सर्किट होने से हार्न बजने की आवाज सुनकर लोगों की नींद खुल गई। लोग आग की लपटें उठती देख मौके पर पहुंच गए। आग की इस घटना में बाइक व कार पूरी तरह जल गई, जबकि साथ सटी दुकान को लोगों ने जलने से बचा लिया। बाद में पीडि़त लोगों ने घटना की सूचना सलूणी पुलिस चौकी को दी। उधर, डीएसपी सलूणी रामकरण राणा ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पीडि़त लोगों की शिकायत पर अज्ञात शरारती तत्त्वों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि शरारती तत्त्वों का पता लगाने के लिए इलाके में मुखबिरों का जाल बिछा दिया गया। बहरहाल, सलूणी से सटे बाजार में आगजनी की इस घटना से लोगों में दहशत का माहौल है।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!