सुसाइड को उकसाने पर 5 अरेस्ट

ऊना – बसाल के आई-नोक्सविंड उद्योग में कार्यरत कर्मचारी की जहर निगलने से मौत होने के बाद पुलिस प्रशासन ने कंपनी मेनेजमेंट के पांच कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पांचों आरोपियों को न्यायलय में पेश किया गया, जहां इन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश जारी किए हैं। कंपनी मेनेजमेंट से हरीश, कलोल, देवाशीष, दिनेश व सुरेंद्र को गिरफ्तार किया है इन पांचों के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। जब पुलिस टीम इन आरोपियों को पेश करने कोर्ट में लेकर आई तो मृतक युवक के अन्य साथी कर्मचारी भी पहुंचे, जिससे माहौल तनावपूर्ण बन गया। आरोपियों को कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश किया गया। बसाल स्थित आईनॉक्सविंड के कर्मचारियों को करीब तीन माह से वेतन नही दिया गया था। वेतन न मिलने पर जब कर्मचारियों ने वेतन मांगा तो कुछेक कर्मचारियों की ट्रांसफर अन्य राज्य में कर दी, जिसके विरोध में कर्मचारी रोजाना हड़ताल कर रहे थे। कई बार इन कर्मचारियों को लेबर आफिस में भी बुलाया गया, लेकिन इनकी समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ। दबाब में आकर अनिल कुमार पुत्र हरिकृष्ण निवासी पंजावर ने जहर निगल लिया। परिजन गंभीर हालत में इसे क्षेत्रीय अस्पताल लेकर आए, जहां से इसकी नाजुक हालत के चलते पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया गया। लेकिन युवक ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

प्रशासन के खिलाफ लगाए नारे

जहर निगलने से मृतक की मौत के बाद हड़ताल पर बैठे आई-नॉक्सविंड के कर्मचारियों ने शुक्रवार रात्रि को ऊना अस्पताल में इनॉक्सविंड तथा जिला प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। सूचना मिलते ही एसडीएम विनय मोदी, डीएसपी हरोली कुलबिंद्र सिंह मौका पर पहुंचकर माहौल शांत करवाया। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने लेबर आफिसर की कार्यप्रणाली पर भी सवाल लगाए हैं।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!