अंब की खड्ड में डूबने से युवक का दम घुटा

By: Jun 8th, 2018 12:15 am

अंब— अंब थाना क्षेत्र के तहत पंचायत जवेहड़ में स्थित एक खड्ड में स्नान कर रहे एक युवक की डूबने से मौत हो गई , जबकि एक बेहोश हो गया। मृतक की पहचान जितेंद्र (20) पुत्र शिवदयाल निवासी लंडेर लडिया के रूप में हुई है, जबकि  रजत (19) निवासी लंडेर लडिया बेहोश हो गया। जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम को इसी गांव के कुछ लड़के जवेहड़ खड्ड में जब स्नान कर रहे थे तो जितेंद्र करीब 40 फुट गहरे पानी के एक गड्डे में फंस गया। इसी दौरान दूसरा लड़का रजत भी पानी की चपेट में आ गया, लेकिन उसे वहां मौजूद अन्य लड़कों ने बाहर निकाल लिया। इस दौरान युवाओं ने जितेंद्र को बाहर निकालने के काफी प्रयास किए, लेकिन बिफल रहे। इसके बाद एकत्रित अन्य लोगों ने तैराकों को मौके पर बुलाया। इसी बीच करीब पौना घंटा व्यतीत हो गया। तैराकों ने हिम्मत दिखाते हुए गहरे पानी के गड्ढे में फंसे जितेंद्र को ज्यों ही बाहर निकाला उसके दोस्त उसे तुरंत अंब अस्पताल ले गए, लेकिन डाक्टरों ने जांच के बाद जितेंद्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके  साथी का उपचार जारी है। जितेंद्र का पिता सेना में तैनात हैं। मृतक अपनी तीन बहनों का इकलौता भाई था। बताते चले कि जवेहड़ सरोई खड्ड में पानी की अधिक मात्रा होने के कारण शाम के समय विभिन्न गांवों के लड़के इस खड्ड में स्थित पानी के टोबों में स्नान करते हैं। जितेंद्र भी प्रतिदिन की भांति अपने अन्य दोस्तों के साथ गर्मी से निजात पाने के लिए खड्ड में स्थित एक पानी के टोबे में स्नान कर रहा था कि अचानक गहरे गड्ढे में फंस गया, जिससे उसकी मौत हो गई। जितेंद्र जमा दो कक्षा पास करने के बाद चंडीगढ़ में डिप्लोमा कर रहा था। उक्त घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। डीएसपी मनोज जम्वाल ने बताया कि जवेहड़ खड्ड में डूबने से एक युवक की मौत हुई है, जबकि एक युवक बेहोशी की हालत में है। पुलिस ने इस संबंध में जांच आरंभ कर दी है। बहरहाल युवक की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे के बाद से क्षेत्र में शोक की लहर है। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गई है।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App