आल्टो लुढ़की, दो पर्यटकों की मौत

रोहतांग के राहनी नाला के पास खाई में जा गिरी दिल्ली के सैलानियों की कार

मनाली— रोहतांग दर्रे के राहनी नाला के समीप पर्यटकों से भरी एक आल्टो के खाई में लुढ़क जाने से दो सैलानियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन घायल हो गए हैं। दिल्ली से मनाली घूमने आए सैलानियों को क्या पता था कि गुरुवार सुबह उन्हें रोहतांग दर्रे की सैर इतनी महंगी पड़ेगी कि उनमें से दो सैलानियों को इस की कीमत अपनी जान देकर चुकानी पड़ेगी। जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह उक्त सैलानी मनाली से एक आल्टो टैक्सी (एचपी 02 के 1791) में सवार हो रोहतांग दर्रे पर घूमने निकले थे। सैलानी जब रोहतांग से  लौट रहे थे, तो अचानक इनका वाहन राहनी नाला के समीप खाई में जा गिरा।  घटना में कार में सवार चार सैलानियों में से दो की मौके पर ही मौत हो गई , जबकि चालक सहित दो सैलानियों को मनाली अस्पताल उपचार के लिए लाया गया। मृतकों की पहचान गुड्डू (25) निवासी दिल्ली व राकेश (24) निवासी दिल्ली के रूप में हुई है।  विकास और रितेश की हालत नाजुक बनी हुई है। मनाली अस्पताल से डाक्टरों ने उक्त दोनों सैलानियों को उपचार के लिए कुल्लू अस्पताल के लिए रैफर कर दिया गया है। उधर, डीएसपी मनाली शेर सिंह ने बताया कि गुरुवार सुबह राहनी नाला के समीप  एक सैलानियों से भरी टैक्सी दुर्घटनाग्रस्त हुई है। हादसे में दो सैलानियों की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि चालक सहित दो अन्य सैलानी अस्पताल में उपचाराधीन है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!