एंबुलेंस कर्मी डटे; अफसर बोलीं, संभल जाएं

 ऊना —पिछले तीन दिनों से मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे एंबुलेंस कर्मियों ने शुक्रवार को भी अपनी ज्वाइनिंग  नहीं दी है। जबकि कंपनी की ओर से इन कर्मियों को तुरंत प्रभाव से ज्वाइन करने के निर्देश दिए थे। लेकिन अभी भी एंबुलेंस कर्मी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर अडि़ग हैं। ऊना में 108 नंबर एंबुलेंस कर्मी हड़ताल पर हैं। करीब 30 एंबुलेंस कर्मी मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे हैं। वहीं, 102 एंबुलेंस कर्मी भी हड़ताल पर ही हैं। हालांकि इन एंबुलेंस सेवाओं को चलाने के लिए होमगार्ड जवानों के साथ ही स्वास्थ्य विभाग का स्टाफ हायर किया गया है। लेकिन उसके बावजूद भी लोग समस्या से जूझ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से एंबुलेंस चलाने के लिए तो स्टाफ तो हायर कर लिया लेकिन इन एंबुलेंस में फार्मासिस्ट की तैनाती नहीं हो पाई है। बिना फार्मासिस्ट के ही एंबुलेंस चल रही हैं। एंबुलेंस कर्मियों के हड़ताल पर चले जाने के चलते एंबुलेंस सेवाएं लोगों को मिल रही हैं। लेकिन कहीं न कहीं लोगों को समस्या भी झेलनी पड़ रही है। उल्लेखनीय है कि 108 एंबुलेंस के माध्यम से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया करवाई जा रही थीं। लेकिन इन एंबुलेंस कर्मियों की कुछ एक मांगें थीं। जिनकी ओर कोई भी ध्यान नहीं दिया गया। इसके चलते यह एंबुलेंस कर्मी हड़ताल पर चले गए। तीन दिनों से एंबुलेंस कर्मी हड़ताल पर हैं।  उधर, इस बारे में 108 नंबर जिला प्रभारी पंकज ने कहा कि एंबुलेंस कर्मियों ने ज्वाइन नहीं किया है। उच्च अधिकारियों को इस बारे में अवगत करवाया गया है। उच्च स्तर पर समस्या समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं।