कल से आंधी के साथ झमाझम बारिश

By: Jun 8th, 2018 12:25 am

शिमला, मंडी, कुल्लू, चंबा, सोलन, सिरमौर में कुछ जगह खूब बरसेगा अंबर

शिमला — हिमाचल के मैदानी इलाकों सहित शिमला, मंडी, कुल्लू, चंबा, सोलन व सिरमौर के एक-दो स्थानों पर 9-10 जून को गर्जन के साथ भारी बारिश होगी। मौसम विभाग ने प्रदेश के उक्त क्षेत्रों में प्रचंड आंधी के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग की मानें तो समूचे राज्य में 13 जून तक मौसम खराब बना रहेगा।  गुरुवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहा। दोपहर बाद मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई जबकि शेष हिमाचल में मौसम साफ बना रहा, जिससे अधिकतम तापमान में एक से चार डिग्री का उछाल आया है। ऊना व कल्पा के अधिकतम तापमान में सबसे अधिक 4 डिग्री का उछाल आंका गया है। ऊना में अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो अहमदाबाद व जैसलमेर को छोड़कर देश भर में सबसे अधिक आंका गया है। इसके अलावा नाहन के तापमान में एक, बिलासपुर, भुंतर में दो, शिमला, सुंदरनगर, धर्मशाला, सोलन, कांगड़ा, हमीरपुर और चंबा के तापमान में एक डिग्री तक का उछाल आया है। हालांकि बीते रोज हुई  बूंदाबांदी से न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट आंकी गई है। मगर अधिकतम तापमान में उछाल आने से दिन के समय गर्मी पसीने छुड़ा रही है। गुरुवार को दोपहर बाद शिमला में फिर से  बूंदाबांदी हुई। जबकि शाम के समय धूप खिली। बीते 24 घंटों के दौरान अर्की में 29, मंडी में 8, शिमला में तीन और पालमपुर में दो मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश के मैदानी व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में 9-10 जून को प्रचंड आंधी के साथ झमाझम बारिश होगी। समूचे राज्य में 13 जून तक मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान एक-दो स्थानों पर बारिश होगी।

ऊना फिर 40 पार, चार डिग्री चढ़ा पारा

राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 26.9, सुंदरनगर 35.5, भुंतर में 36.7, कल्पा में 26.0, धर्मशाला में 31.8, ऊना में 40.4, नाहन में 34.4, केलांग में 24.7, सोलन में 29.2, कांगड़ा में 36.7, बिलासपुर में 37.5, हमीरपुर में 36.3, चंबा में 35.9 और डलहौजी में 22.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।  तापमान में एक से चार डिग्री तक की बढ़ोतरी आंकी गई है।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App