कांगड़ा-चंबा से शुरू होगा रजनी का दौरा

By: Jun 16th, 2018 12:20 am

शिमला— कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल पार्टी मामलों से जुड़ी अपनी रिपोर्ट राहुल गांधी को सौंपने के बाद इसी महीने हिमाचल वापसी करेंगी। उनका पहला दौरा 29 जून से बनाया जा रहा है। हालांकि अभी यह तय नहीं हुआ है, लेकिन माना जा रहा है कि वह इसी दिन से चंबा और कांगड़ा का दौरा शुरू करेंगी। लोकसभा चुनाव की तैयारियों और लहर बनाने के लिए कांग्रेस के पास बिलकुल भी समय नहीं है और वह समय गंवाना भी नहीं चाहती। यही कारण है कि पूरे दमखम के साथ अब पार्टी की नई प्रभारी इसी महीने के आखिर में अपने प्रदेश स्तरीय दौरे शुरू कर देंगी। चंबा और कांगड़ा से शुरूआत कर वह दूसरे सभी विधानसभा क्षेत्रों के ब्लॉकों तक पहुंचेंगी, ताकि कार्यकर्ताओं को ग्रास रूट तक सक्रिय किया जा सके। प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू दिल्ली में डटे हैं, वहीं वीरभद्र सिंह यहां लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत फील्ड में उतर गए हैं। कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन नरेश चौहान का कहना है कि प्रभारी का इसी महीने के अंत में आने का कार्यक्रम है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App