कालका से शिमला मात्र तीन घंटे में!

केंद्रीय रेल मंत्री का ऐलान; आधा रह जाएगा समय, जमीन मिले तो रेल का विस्तार भी जल्द

शिमला— कालका से शिमला हेरिटेज रेललाइन पर अब सफर छह घंटे का नहीं, बल्कि आधा रह जाएगा। केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल ने ऐलान किया है कि कालका-शिमला हेरिटेज रेललाइन पर तेज रफ्तार गाडि़यां लगाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि अभी लोग वहां तक छह घंटे का सफर करते हैं, जिसे तीन घंटे का किया जाएगा। इसके लिए यहां नए रेल कोच लगाए जाएंगे। केंद्रीय मंत्री ने शनिवार को शिमला में हेरिटेज रेल ट्रैक पर छुक-छुक रेल का आनंद उठाया। उन्होंने कहा कि इतना खूबसूरत रेल ट्रैक कहीं नहीं है, जिसे विकसित करने की बेहद जरूरत है। इस ट्रैक में पर्यटन गतिविधियां बढ़ाने के लिए रेलवे इसका प्रचार-प्रसार भी करेगी। यहां साफ-सफाई का विशेष रूप से ध्यान रखा जाएगा, वहीं लोगों को रेल में सफर करने के लिए बेहतरीन पैकेज भी दिए जाएंगे। उन्होंने इसके लिए जल्द उत्तर रेलवे को खाका बनाने के निर्देश दिए हैं। एक सवाल पर पीयूष गोयल ने कहा कि हिमाचल में रेल विस्तारीकरण की काफी संभावना हैं मगर जमीन की उपलब्धता एक बड़ी दिक्कत है। जमीन की उपलब्धता नहीं होने से रेलवे अपना विस्तार नहीं कर पा रही है, क्योेंकि लोग जमीन नहीं देते। जमीन का अधिग्रहण आसान हो, तो यहां नई रेल लाइनों का विस्तार होगा। केंद्रीय मंत्री ने यहां शिमला रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया और यात्रियों से यहां दी जा रही सुविधाओं के बारे में जाना। उन्होंने यात्रियों से सुझाव

भी लिए।

स्टीम इंजन में घूमे

पीयूष गोयल स्टीम इंजन में पहली दफा बैठे। उन्होंने शिमला से समरहिल तक का सफर स्टीम इंजन में किया और इसे विश्व का बेहतरीन सफर बताया। उन्होंने इसे खूबसूरत ट्रैक बताया। उन्होंने आश्वस्त किया कि बहुत जल्द शिमला रेलवे स्टेशन से आगे बाबा भलखू संग्रहालय तक रेल जाएगी और वहां लोगों को छोड़ेगी। रेलवे बोर्ड बिल्डिंग के इसी स्वरूप में नए सिरे से निर्माण की बात भी उन्होंने कही है।