गाड़ागुशैणी के अच्छे दिन

 बंजार —राज्य सरकार प्रदेश के मौजूदा सभी शिक्षण तथा स्वास्थ्य संस्थानों में गुणात्मक अधोसंरचना प्रदान करने पर विशेष बल दे रही है। यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शनिवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गाड़ागुशैणी में 1.57 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित होने वाले विज्ञान प्रयोगशाला भवन की आधारशिला रखने के उपरांत कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यभार संभालने के उपरांत राज्य सरकार ने समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए कल्याणकारी तथा विकासात्मक योजनाओं के कार्यान्वयन को गति प्रदान की है। वर्तमान राज्य सरकार के पांच महीने के कार्यकाल के दौरान राज्य में अनेक योजनाएं शुरू की गई हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में पर्यटन विकास के लिए केंद्र सरकार ने 1800 करोड़ रुपए की परियोजना स्वीकृत की है। राज्य के अनछुए क्षेत्रों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के प्रयास किए जाएंगे। गाड़ागुशैणी को ईको पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने अपने पहले बजट में राज्य के कल्याण तथा विकास के लिए 30 नई योजनाएं शुरू की हैं। सरकार ने महाविद्यालय गाड़ागुशैणी के लिए पांच करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। इस मौके पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी डा. साधना ठाकुर, बल्ह के विधायक इंद्रसिंह गांधी, जिला भाजपा अध्यक्ष रणवीर सिंह, भाजपा कार्यकारिणी सदस्य गुलजारी लाल, उपायुक्त मंडी ऋ ग्वेद ठाकुर, उपायुक्त कुल्लू यूनुस, पुलिस अधीक्षक मंडी गुरदेव शर्मा, पुलिस अधीक्षक कुल्लू शालिनी अग्निहोत्री, अमर देव आदि मौजूद रहे।

विधयक शौरी का बस सुविधा को आग्रह

बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी ने कहा कि क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं और उन्होंने मुख्यमंत्री से इनके समुचित दोहन का आग्रह किया। उन्होंने मुख्यमंत्री से क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए बंजार-गाड़ागुसैणी-छत्तरी-शिमला बस शुरू करवाने का आग्रह किया।