जिंदगी की जंग लड़ रहे लेफ्टिनेंट कर्नल बलबीर

पांवटा साहिब —प्रदेश में अवैध खनन के खिलाफ और पर्यावरण संरक्षण के लिए जंग लड़ने वाले सिरमौर जिला के गिरिपार क्षेत्र के कमरऊ के रिटायर्ड लेफ्टिनेंट कर्नल बलबीर सिंह इन दिनों पीजीआई चंडीगढ़ में जिंदगी के लिए जंग लड़ रहे हैं। उनके दोनों गुर्दे खराब हो चुके हैं। फेफड़ों में पानी भर जाता है। उनका अब हर तीसरे दिन पीजीआई चंडीगढ़ व मैक्स हास्पिटल में डायलिसिस हो रहा है। हालांकि सेना विभाग की ओर से उनको पूरी स्वास्थ्य सेवाएं दी जा रही हैं, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हो रहा है। गिरिपार क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले रिटायर्ड लेफ्टिनेंट कर्नल बलबीर सिंह क्षेत्र से पहले सेना अधिकारी हैं जिन्हें गेलेंटरी अवार्ड से नवाजा गया है। उस समय इस क्षेत्र से सेना में आफिसर कम ही होते थे। उन्होंने अपने सेवाकाल में अशांत पंजाब राज्य में ड्यूटी दी। इसके अलावा कश्मीर में उन्होंने 12 साल तक सेना में अपनी सेवाएं दी। कश्मीर में ड्यूटी के दौरान वह कई आतंकियों का खात्मा कर चुके हैं और भारी मात्रा में गोला बारूद भी उन्होंने उस वक्त बरामद किया है। इस उपलब्धि के लिए उनको कमांडेंट इन चीफ की ओर से कमोडेशन कार्ड मिल चुका है। कर्नल बलबीर सेना अधिकारी के तौर पर पंजाब व कश्मीर में अपनी जीवन की परवाह किए बिना ड्यूटी पर तैनात रहे।    रिटायर्ड लेफ्टिनेंट कर्नल बलबीर सिंह लगातार अवैध खनन के खिलाफ आवाज उठाते रहे हैं।