धर्मपुर में सांसद स्टार खेल महाकुंभ का आगाज

धर्मपुर -सांसद स्टार खेल महाकुंभ के तहत सोमवार को धर्मपुर में महाकुंभ खेलें शुरू हो गईं। खेलों का शुभारंभ सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य, बागबानी व सैनिक कल्याण मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने किया।  सांसद अनुराग ठाकुर भी इस मौके पर उपस्थित रहे। इस अवसर पर महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि स्टार खेल महाकुंभ के तहत कबड्डी, वालीबाल, बास्केटबाल, फुटबाल और क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने खेल आयोजन के लिए सांसद अनुराग ठाकुर की सराहना की।  इस मौके पर सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि इस खेल महाकुंभ में उनके संसदीय क्षेत्र के 18 खंडों की 800 पंचायतों की 1400 टीमों के 20 हजार से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि इन खेलों में 20 लाख रुपए के नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के हर मैच से सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का चयन किया जाएगा और एक करोड़ रुपए की राशि खर्च कर उन्हें प्रशिक्षित किया जाएगा।  इस अवसर पर प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा के महामंत्री रजत ठाकुर, मंडल भाजपा महामंत्री  प्रताप, मंडल  भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष राजेश ठाकुर, अशोक पठानिया और  आयोजन समिति के सदस्य रणजीत सिंह भी उपस्थित रहे।