प्रदेश ब्रिज एसोसिएशन दो फाड़

 सोलन —हिमाचल प्रदेश ब्रिज एसोसिएशन दो फाड़ हो गई है। एसोसिएशन के कुछ सदस्यों ने पूर्व कार्यकारिणी पर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए नई कार्यकारिणी का गठन कर लिया है। इसमें राणा अरुण सेन को अध्यक्ष बनाया गया। वहीं, बीएस भाटिया को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, हितेंद्र सिंह कंवर को महासचिव व राजेश ठाकुर को कोषाध्यक्ष चुना गया है। नई कार्यकारिणी सदस्यों का कहना है कि ब्रिज एसोसिएशन के पूर्व अधिकारी अपनी मनमानी कर रहे थे और इतना ही नहीं वे एसोसिएशन के फंड का भी दुरुपयोग कर रहे थे। इन पदाधिकारियों से जब उन्होंने फंड का स्टेटस मांगा तो वे उन्हें संतुष्ट नहीं कर पाए। इससे सदस्यों में रोष था और इसको देखते ही नई कार्यकारिणी का गठन किया गया है। नवनियुक्त अध्यक्ष राणा अरुण सेन ने कहा कि ब्रिज एसोसिएशन के पूर्व पदाधिकारी पारदर्शिता बरतने में असमर्थ साबित हुए हैं। आलम यह रहा है कि दो दशकों से एसोसिएशन की आम सभा भी आयोजित नहीं हुई है। इसके अलावा चंद प्रभावशाली लोग ही एसोसिएशन को अपनी मर्जी के हिसाब से चलाते रहे। यहां तक की राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए भी खिलाडि़यों का चयन मनमर्जी से किया गया। इन सभी अनियमितताओं को देखते ही नई कार्यकारिणी का गठन किया गया है।