शोभायात्रा के साथ शूलिनी मेला शुरू

सोलन —सोलन की अधिष्ठात्री देवी मां शूलिनी का राज्य स्तरीय मेला शुक्रवार को विधिवत रूप से आरंभ हो गया। मेले की शुरुआत मां की पूजा-अर्चना से की गई, जिसके बाद मां शूलिनी को सुसज्जित पालकी में बैठाकर शहर भर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस शोभायात्रा में भक्तों का सैलाब मां शूलिनी के दर्शनों के लिए उमड़ पड़ा। तीन दिवसीय मां शूलिनी मेले का शुभारंभ प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने किया। उन्होंने सभी को मां शूलिनी मेला की शुभकामनाएं दीं। सर्वप्रथम मां शूलिनी मंदिर में मां की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद मां को पालकी में बैठकार भव्य शोभयात्रा निकाली गई। इस पालकी को माता के कल्याणे उठाकर चल रहे थे। शोभा यात्रा मंदिर से आरंभ होकर पुरानी कचहरी पहुंची जहां पर स्थित पार्किंग में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मां के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। उनके साथ विधानसभा उपाध्यक्ष डा. राजीव बिंदल, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डा. राजीव सहजल, सांसद वीरेंद्र कश्यप, सोलन के विधायक कर्नल धनीराम शांडिल, दून के विधायक परमजीत सिंह पम्मी मौजूद थे। इसके पश्चात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने चौक बाजार स्थित बघाट बैंक परिसर से मां की पालकी पर पुष्प वर्षा भी की।  इसके पश्चात मां की पालकी को शहरवासियों ने उठाया और यह शोभायात्रा चौक बाजार, गंज बाजार, अपर बाजार होते हुए पुराने बस स्टैंड पहुंची। वहां पर पालकी को भक्तों के दर्शन के लिए रखा गया। इस दौरान हजारों लोगों ने मां के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। माता के दर्शनों के लिए लोगों में बेहद उत्साह देखा गया और सभी भक्त विशेषकर महिलाएं माता के दर्शन के लिए भारी संख्या में उपस्थित थीं। पुराने बस स्टैंड पर प्रशासन द्वारा भी भक्तों की सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम किए हुए थे। मां शूलिनी की इस भव्य शोभयात्रा में तरह-तरह की झांकियां भी निकाली गई। इसमें सजे-धजे वाहनों में मां दुर्गा, सूर्य भगवान, शिव, राधा-कृष्ण, श्रीराम सहित अन्य देवी-देवताओं की झांकियां मु य आकर्षण थी। माता की पालकी के साथ बैंड पार्टी और ढोल-नगाड़े वाले साथ-साथ चल रहे थे।