कांगड़ा में तीन दिन में दूसरा भूकंप

धर्मशाला, शिमला— कांगड़ा जिला में शुक्रवार को दोपहर एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए। एक बजकर 42 मिनट पर आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.8 आठ मापी गई है। कांगड़ा में तीन दिन में यह दूसरा भूकंप है। प्रदेश मौसम विभाग की ओर से जारी सूचना के मुताबिक भूकंप का केंद्र कांगड़ा ही रहा है, जबकि भूकंप की गहराई 10 किलोमीटर तक मापी गई है। इससे पहले बीते बुधवार को भी कांगड़ा में भूकंप के झटके आए थे। बुधवार को आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 2.9 मापी गई थी, जबकि शुक्रवार को फिर से धरती हिली है। इस बार की तीव्रता अधिक आंकी गई है। प्रदेश में अप्रैल व मई माह के दौरान शिमला, चंबा, कांगड़ा व रामपुर में कई मर्तबा भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। ऐसे में अब कांगड़ा में लगातार झटकों के आने से लोगों में दहशत का माहौल है।

भरमौर में भी सहमे लोग

भरमौर— जनजातीय क्षेत्र भरमौर व इसके आसपास के हिस्सों में शुक्रवार को भूकंप का झटका महसूस किया गया। धौलाधार रेंज से सटी होली घाटी और गैर जनजातीय क्षेत्र में यह झटका अधिक महसूस किया गया। भूकंप का झटका लगते ही लोग भी कुछ वक्त के लिए डर गए। चंबा में जून माह में 14, 23 और 26 को भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे।