दक्ष महादेव मंदिर

By: Jul 7th, 2018 12:10 am

यह प्राचीन मंदिर भगवान शिव को समर्पित है। मान्यता यह है कि इस मंदिर में एक छोटा गड्ढा है जहां देवी सती ने अपने जीवन का बलिदान दिया था…

हरिद्वार से लगभग चार किमी. की दूरी पर दक्ष महादेव मंदिर स्थित है। दक्ष महादेव मंदिर हरिद्वार, उत्तराखंड का प्राचीन धार्मिक स्थल है। इस मंदिर का निर्माण वर्ष 1810 ई. में पहले रानी धनकौर ने करवाया था और 1962 में इसका पुनर्निर्माण किया गया। यह प्राचीन मंदिर भगवान शिव को समर्पित है। मान्यता यह है कि इस मंदिर में एक छोटा गड्ढा है, जहां देवी सती ने अपने जीवन का बलिदान दिया था। पौराणिक कथा के अनुसार इस स्थान पर राजा दक्ष ने एक विशाल यज्ञ किया था। उन्होंने इस यज्ञ में अपने दामाद भगवान शिव को छोड़कर सभी को आमंत्रित किया। अपने पिता के ऐसे व्यवहार के कारण सती ने स्वयं को बहुत अपमानित महसूस किया एवं यज्ञ की पवित्र अग्नि में अपने जीवन का बलिदान दे दिया। इससे शिव के अनुयायी गण उत्तेजित हो गए और उन्होंने दक्ष को मार डाला। बाद में शिव ने उन्हें पुनर्जीवित कर दिया। सती के पिता राजा दक्ष की याद में यह मंदिर बनवाया गया। प्रत्येक वर्ष सावन के महीने में यहां बड़ी संख्या में भक्त दर्शन करने के लिए आते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App