‘दिव्य हिमाचल’ की स्वच्छता रैली ने चमकाई बाबा बालकनाथ की नगरी

By: Jul 29th, 2018 12:20 am

दियोटसिद्ध में परिवेश संरक्षण ध्येय हमारा के तहत सफाई अभियान के गवाह बनें सैकड़ों, विभागों-महिला मंडलों-व्यापारियों ने थामा झाड़ू

दियोटसिद्ध — ‘दिव्य हिमाचल’ मीडिया ग्रुप केबैनर तले शनिवार को उत्तरी भारत के प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालकनाथ की नगरी दियोटसिद्ध में स्वच्छता रैली का आयोजन किया गया। दियोटसिद्ध के जंगल में उपायुक्त हमीरपुर सहित मंदिर न्यास व प्रशासनिक अधिकारियों ने एरोकेरिया का पौधा रोपित कर कार्यक्रम का आगाज किया। उपायुक्त रिचा वर्मा ने रैली को हरी झंडी दिखाई। लोअर बाजार से शुरू हुआ स्वच्छता अभियान सड़क के रास्ते अपर बाजार तक चला। सुबह करीब 11 बजे से दो बजे तक निरंतर क्षेत्र की सफाई की गई। उपायुक्त हमीरपुर ने स्वयं झाडू हाथ में लेकर सड़क की सफाई की। इसके बाद प्रशासन के अधिकारियों ने सड़क पर पड़े प्लास्टिक की बोतलों सहित अन्य सामग्री को उठाकर कूड़ेदान में डाला। रैली में नव भारत पब्लिक स्कूल के छात्र, बाल विकास परियोजना अधिकारी बिझड़ी, महिला मंडल, दियोटसिद्ध मंदिर ट्रस्ट, व्यापार मंडल, हेल्थ वर्कर्ज, पुलिस, वन विभाग ने अपनी अहम भूमिका अदा की। पर्यावरण संरक्षण ध्येय हमारा, आओ स्वच्छता को जीवन शैली बनाएं ‘दिव्य हिमाचल’ का कारवां इस उदघोष के साथ आगे बढ़ा। इसमें उपायुक्त हमीरपुर रिचा वर्मा, एसडीएम बड़सर विशाल शर्मा, मंदिर अधिकारी प्रेम सिंह भाटिया, बीडीओ चंद्रवीर सिंह, मंदिर महंत राजेंद्र गिरी महाराज, बीडीसी वाइस चेयरमैन पवन जगोता, सीडीपीओ बीडी भाटिया, वन विभग से बीओ सुरेश कुमार, एएसआई राजेंद्र सिंह, हैड कांस्टेबल दिनेश कुमार, व्यापार मंडल दियोटसिद्ध प्रधान संजय कुमार, किन्नर समुदाय महंत पासी परी उपस्थित रहे। सफाई अभियान में सैकड़ों लोगों ने अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। महिला मंडल करनेहड़ा, दियोटसिद्ध, चकमोह, दलचेहड़ा, चलसाई सहित अन्य उपस्थित रहे।

मीठे पानी की छबील

रैली को लेकर व्यापारी राजेश कुमार ने छबील लगाई। उन्होंने मंदिर के मुख्य गेट पर ही मीठे पानी का प्रबंधन किया था। इसके साथ ही रैली में भाग लेने वाले हर व्यक्ति को हलवे का प्रसाद बांटा गया। ‘दिव्य हिमाचल’ द्वारा पूरे मंदिर परिसर की सफाई की गई। सफाई अभियान में दियोटसिद्ध स्थानीय लोगों का पूरा सहयोग रहा। दियोटसिद्ध व्यापार मंडल ने सफाई अभियान में विशेष योगदान दिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App