दो दिन बरसेगी आफत

By: Jul 25th, 2018 12:15 am

शिमला  – प्रदेश में दो दिन मौसम कहर बरपाएगा। मौसम विभाग ने शिमला, मंडी, कुल्लू, ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर में एक-दो जगह बुधवार व गुरुवार को भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश में 29 जुलाई तक मानसून सक्रिय बना रहेगा। इस दौरान अधिकांश क्षेत्रों में बारिश होगी, जबकि 30 जुलाई को राज्य में मानसून की रफ्तार धीमी रहेगी। प्रदेश में सोमवार को राज्य में मानसून सक्रिय रहा। राज्य के मैदानी व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ जगह झमाझम बारिश हुई। गोहर में सबसे अधिक 156 मिलीमीटर बारिश आंकी गई है। इसके अलावा सरकाघाट में 127, सुजानपुर टिहरा में 104, भराड़ी में 75, सुंदरनगर में 24, भोरंज 70, अर्की में 56, बैजनाथ में 54, जोगिंद्रनगर में 50, पंडोह में 42, पालमपुर, रोहडू में 35 और शिमला में 36 मिमीबारिश हुई। मंगलवार को राज्य में बारिश का क्रम जारी रहा। प्रदेश में मानसून की बौछारें आफत बनकर बरस रही हैं। जगह-जगह भू-स्खलन हो रहा है। सिरमौर में बारिश से कई भवनों को नुकसान पहुंचा है। कई जगह भारी बारिश के कारण संपर्क मार्ग भी ठप पड़े हुए हैं। बारिश से अधिकतम तापमान में फिर गिरावट आई है। हमीरपुर के अधिकतम तापमान में सबसे अधिक चार डिग्री की गिरावट आई है।मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने खबर की पुष्टि की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App