नगर परिषद में भाजपा फ्रंट फुट पर

By: Jul 7th, 2018 12:10 am

चंबा— नगर परिषद चंबा के उपाध्यक्ष पद पर भाजपा ने कब्जा जमा लिया है। शुक्रवार को एसडीएम कार्यालय में नगर परिषद उपाध्यक्ष के लिए भाजपा समर्थित पार्षद मनिंद्र पुरु को आम सहमति से नगर परिषद का उपाध्यक्ष चुन लिया गया। मनिंद्र पुरु के उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित होते ही पार्षदों ने फूलमालाओं से लादकर उनका जोरदार स्वागत किया। इसके साथ ही नगर परिषद चंबा के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर भाजपा ने कब्जा कर लिया है। उल्लेखनीय है कि नगर परिषद के उपाध्यक्ष पद पर ब्लाक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं सुल्तानपुर वार्ड के पार्षद करतार सिंह ठाकुर काबिज थे। करतार सिंह ठाकुर ने पिछले दिनों उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके चलते नगर परिषद में उपाध्यक्ष का पद एक माह से खाली पड़ा हुआ था। इससे पहले नगर परिषद उपाध्यक्ष का पदभार संभालने वाले मोहित ढल्ल के खिलाफ  सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव लाकर उन्हें पद से हटा दिया था। शुक्रवार को उपाध्यक्ष का पद भरने के लिए एसडीएम दीप्ति मंढोत्रा की देखरेख में कार्यालय परिसर में बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में नगर परिषद के 11 में 8 सदस्यों ने उपस्थिति दर्ज करवाई। नगर परिषद के उपाध्यक्ष पद हेतु एकमात्र नामांकन मनिंद्र पुरु ने भरा। मनिंद्र पुरु नगर परिषद के इस कार्यकाल के दौरान उपाध्यक्ष का पद संभालने वाले तीसरे पार्षद हैं। उधर, सदर विधायक पवन नैयर ने मनिंद्र पुरु को बधाई दी। इस मौके पर नगर परिषद अध्यक्ष नीलम नैयर व पार्षदों में अंजलि मल्होत्रा, जितेंद्र सूर्या, सीमा कश्यप, धीरज बडयाल, वर्षा व कुलदीप कौर भी मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App