नेशनल हाई-वे पांच  भू-स्खलन की चपेट में

सोलन —जिला में बरसात से नेशनल हाई-वे पांच कालका-शिमला खतरे की चपेट में आ गया है। नेशनल हाई-वे के किनारे ऊंची-ऊंची पहाडि़यों पर बसे घरों को भी बरसात ने डरा कर रख दिया है। वर्तमान हालात ये बन गए है कि पहाड़ों की कटिंग करने के बाद बरसात के मौसम में उन पर से भू-स्खलन होना शुरू हो गया। भू-स्खलन होने से जहां नेशनल हाई-वे पर मलबा आने लग गया है वहीं पहाडि़यों पर बने घरों को भी खतरा पैदा हो गया है। मंगलवार मध्यरात्रि हुई बारिश से भी नेशनल हाई-वे पर कई जगह पत्थर व मलवा गिरने का मामला आया है। दूसरी ओर धर्मपुर के सुखी जोहड़ी के समीप बने सरकारी आवास पर भी खतरा मंडराने लग गया है। सरकारी आवास के आगे से पहाड़ी खिसकने लग गई है। जानकारी के अनुसार धर्मपुर में पहाड़ी पर बने सरकारी आवास के आगे से मिट्टी खिसकने पर बाउंडरी वाल पर दरारें आनी शुरू हो गई हैं। यदि इस पहाड़ी पर जल्द दीवार न लगाई गई तो दरारें घर के अंदर तक जा सकती हैं।