प्रदेश में एक हफ्ते तक मूसलाधार बारिश

मौसम विभाग का पूर्वानुमान, मैदानी इलाकों में पांच-छह दिन झमाझम बरसेंगे मेघ

शिमला— हिमाचल प्रदेश में आगामी पांच-छह दिन आफत भरे रहेंगे। राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में जनता को मूसलाधार बारिश का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग ने राज्य भर में 26 जुलाई तक मानसून के सक्रिय रहने और रौद्र रूप दिखाने का पूर्वानुमान लगाया है। इस दौरान विभाग ने राज्य के मैदानी इलाकों सहित शिमला, कुल्लू, मंडी, सोलन, चंबा और सिरमौर में 21 से 23 जुलाई ३तक एक-दो स्थानों पर बहुत भारीबारिश होने की चेतावनी भी जारी की है। प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान मानसून कमजोर रिकार्ड किया गया। हालांकि राज्य के कई स्थानों पर बारिश आंकी गई है, मगर इतनी ज्यादा नहीं हुई। इस दौरान बैजनाथ में 32.0, पालमपुर में 28.0, डलहौजी में 27.0, धर्मशाला में 26.0, घुमारवी में 19.0, गगल, मशोबरा में 15.0, हमीरपुर में 14.0, शिमला में 13.0, नादौन-कसौली में 6.0, धर्मपुर में 5.0, देहरा गोपीपुर, करसोग, सरकाघाट और नाहन में 4.0 मिली मीटर बारिश रिकार्ड की गई। गुरुवार को दोपहर बाद राजधानी शिमला सहित मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी कई स्थानों पर बारिश हुई। बारिश के चलते शिमला सुंदरनगर, भुंतर, कल्पा व धर्मशाला व केलांग के अधिकतम तापमान में एक से तीन डिग्री की गिरावट आई है, जबकि राज्य के शेष क्षेत्रों के तापमान में हल्की सी बढ़ोतरी आंकी गई है।

अधिकतम तापमान

कल्पा     20.8

डलहौजी  21.6

शिमला    22.9

केलांग     23.1

धर्मशाला  28.2

सोलन     28.5

नाहन      30.2

चंबा       31.2

भुंतर       32.6

कांगड़ा    33.1

बिलासपुर 33.1

सुंदरनगर  33.4

हमीरपुर   33.9

ऊना       35.4