बंगाणा में बुजुर्ग ने दागी गोली

मलांगड़ में युवक जख्मी, रास्ते के विवाद पर खोया आया

बंगाणा—बंगाणा के गांव मलांगड़ के उपगांव नरुंह में रास्ते के विवाद को लेकर एक वृद्ध ने अपनी बंदूक से फायर करके युवक को गोली मार दी, जिससे मनोहर लाल पुत्र खेमदी राम गंभीर जख्मी हो गया। पीडि़त को उपचार के लिए बंगाणा अस्पताल में प्राथमिक चिकित्सा के बाद अस्पताल ऊना में उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया गया है। युवक को करीब 15 छर्रे लगे हैं।  वारदात को देख रही एक महिला भी गश खाकर गिर पड़ी। जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।  बताया जा रहा है कि गत वर्षों से गांव के लोग अपने पुशओं को चराने के लिए डैम की ओर जाते थे, जिसे पिछले कल ही 90 वर्षीय बिशनदास  द्वारा  इस रास्ते को बंद कर दिया गया। वृद्ध ने स्थानीय लोगों को भी पिछले कल ही इस रास्ते से न जाने के लिए भी कहा था। स्थानीय लोग गुरुवार को फिर अपने पशुओं के साथ इसी बंद किए हुए रास्ते से जाने लगे तो विशनदास ने उन्हें जाने से मना  किया। इसी बीच बहसबाजी हो गई जिससे तनाव बढ़ गया और विशनदास ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से गोली फायर कर दी, जो कि मनोहर लाल को जा लगी। इससे मनोहर लाल लहूलुहान हो गया। एक महिला भी इस दौरान बेहोश हो गई। पीडि़त मनोहर को उपचार के लिए पीजीआई चंडीगढ़ ले जाया गया है।  पुलिस ने सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचकर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी विशनदास को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं गश खाकर गिरी 40 वर्षीय महिला सुनीता देवी की हालत खतरे से बाहर है। डीएसपी हैडक्वार्टर अशोक वर्मा ने बताया कि पुलिस ने गोली चलाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।