भू-स्खलन ने रोकी राहें

 केलांग —खराब मौसम ने कबायलियों की दिक्कतें बढ़ा दी हैं। तीन दिन से हो रही बारिश ने लोगों को परेशान कर दिया है। लाहुल की कुछ घाटियों में भू-स्खलन का दौर भी जारी है। जानकारी के अनुसार बुधवार को लाहुल की चोटियों पर हल्के हिमपात का दौर जारी रहा, वहीं तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई। मानसून के लाहुल में पहुंचते ही घाटी के नदी-नाले उफान पर हैं। लोगों का कहना है कि तीन दिन से हो रही बारिश ने उनका जहां घरों से बाहर निकलना मुश्किल कर दिया है, वहीं तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। बुधवार को घाटी के दूरदराज के गांवों के संपर्क मार्गों पर भूस्खलन होने की सूचना है। तिंदी, उदयपुर व मियाड़ घाटी में भूस्खलन से लोगों को जहां दिक्कतें झेलनी पड़ रही है, वहीं इनका संपर्क जिला मुख्यालय से भी कट गया है। बारिश के चलते मनाली-लेह मार्ग पर भी सफर करना किसी जोख्मि से कम नहीं है। प्रशासन ने लाहुल-स्पीति के खराब मौसम  को देख लोगों से सुरक्षित स्थलों पर रहने के लिए कहा है, वहीं नदी-नालों के पास न जाने की भी अपील की है। उधर, खराब मौसम के बीच बारालाचा दर्रे पर बुधवार को भी हल्का हिमपात जारी रहा और यहां से गुजरने वाले सैलानियों को इस बीच बारालाचा दर्रे पर मौज-मस्ती करते हुए देखा गया। स्पीति के स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ समय से यहां पर ठंड का प्रकोप बढ़ गया है और लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्पीति के रहने वाले छेरिंग का कहना है कि घाटी में मौसम के बदलाव के कारण ठंड बढ़ गई है। घाटी की चोटियों पर हल्के हिमपात से तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है।