मंडी ने लगाए सबसे ज्यादा पौधे

तीन दिन के अभियान में सीएम के गृह जिले ने रोपे 336108 पौधे, रामपुर सर्किल दूसरे नंबर पर

मंडी— तीन दिन चले राज्य स्तरीय पौधारोपण अभियान में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का गृह जिला पूरे प्रदेश में अव्वल पर रहा है। वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने जनसहभागिता से 336108 पौधे लगाकर नया कीर्तिमान स्थापित किया। जिला की यह उपलब्धि देखते हुए वन विभाग के प्रधान मुख्य अरण्यपाल (एचओएफएफ) जीएस गोराया ने स्वयं मंडी जिला में आकर दो जगह पौधारोपण किया। उन्होंने नसलोह पंचायत में भेहड़ा और हराबाग पंचायत में आम का पौधा लगाया। इसके साथ ही उन्होंने बढि़या काम के साथ कड़ी मेहनत करने पर वन अरण्यपाल सहित समस्त अधिकारियों व कर्मचारियों की पीठ भी थपथपाई है। दस जुलाई को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने नाहन से राज्य स्तरीय वन महोत्सव का आगाज किया था। मंडी जिला ने पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा पौधे लगाए। दूसरे स्थान पर रामपुर सर्किल रहा, जहां दो लाख 60 हजार और तीसरे स्थान पर चंबा जिला रहा, जहां एक लाख 90 हजार पौधे रोपे गए। मंडी में चौड़ी पत्ती वाले पौधों का अधिक रोपण हुआ,  जिसमें 148085 पौधे लगाए गए। इसमें सभी प्रकार के औषधीय और फलदार पौधे भी शामिल हैं। 36 हजार बान के पौधे और 147325 देवदार के पौधे लगाए गए। इस पौधारोपण कार्य में मंडी के 13321 लोगों ने अपना सहयोग दिया, जिसमें ग्राम पंचायतें, महिला मंडल, युवक मंडल, पंचायती राज संस्थाएं और अन्य विभिन्न प्रकार की संस्थाओं का पूरा सहयोग वन विभाग को मिला। मंडी जिला में वन विभाग ने पौधारोपण के लिए पहले से ही 106 स्थानों का चयन कर लिया था और अभियान शुरू होते ही 399 हेक्टेयर भूमि पर पौधारोपण कर पहला स्थान हासिल किया।