मनचलों का अड्डा बना डफ डंबर पुल

भुंतर —जिला कुल्लू के भुंतर में स्थित डफडंबर पुल पर डेरा जमाते मनचलों से निपटने के लिए भारतीय जनता युवा मोर्चा ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है। भाजयुमो के जिला प्रवक्ता राजन कात्यायन ने यहां जारी एक बयान में मांग करते हुए कहा है कि यहां पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने चाहिएं, जिससे मनचलों पर लगाम लग सके। इसके अलावा उन्होंने यहां पर मंडी के विक्टोरिया पुल की तरह लाइट लगाने की भी मांग की है। उन्होंने कहा कि इस बारे में प्रदेश सरकार से भी मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि इन मनचलों से महिलाओं व लड़कियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनके अनुसार भुंतर शहर के मध्य स्थित इस पुल से फाटी दियार, गड़सा, रूपी, खोखण के हजारों लोग रोजमर्रा के कार्यों के लिए यहां से गुजरते हैं। इसके अलावा भुंतर शहर, बजौरा, शमशी व आसपास के गांव के लोग भी बाजार आने-जाने के लिए इसी पुल का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन मनचलों से राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं, भुंतर पुलिस द्वारा इस मामले में कोई भी कार्रवाई न किए जाने से स्थानीय लोगों में निराशा है और महकमें के प्रति रोष जाहिर किया है। यहां से गुजरना महिलाओं और लड़कियों के लिए मुश्किल हो रहा है। जानकारों की अनुसार पुल पर सुबह व शाम के वक्त मनचलों की भीड़ ज्यादा होती है। क्योंकि इस समय लड़कियों के स्कूल, कालेज व आईटीआई आदि को जाने का समय होता है। इसके अलावा प्रेमी जोड़े भी इस पुल पर अकसर गुटरगूं करते देखे जा सकते हैं। उनके अनुसार पहले यहां पर पुलिस का पहरा रहता था, लेकिन अब पुलिस का पहरा कम हुआ है। बता दें कि ‘दिव्य हिमाचल’ ने भी उक्त मसले को हाल ही में प्रमुखता से प्रकाशित किया था। उधर कुल्लू की पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री कहती है कि जिला के सभी संवेदनशील स्थानों पर थाना प्रभारियों को विशेष ध्यान देने को कहा गया है और इस बारे में भुंतर थाना को निर्देश दिए जा रहे हैं।