महिलाओं को हेल्मेट जरूरी

By: Jul 7th, 2018 12:02 am

चंडीगढ़ प्रशासन का आग्रह; सुरक्षा की दृष्टि से पहनें हेल्मेट, नहीं तो कटेगा चालान

चंडीगढ़— सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ में अब महिलाओं को हेल्मेट पहनना अनिवार्य होगा। अगर महिलाएं ऐसा नहीं करेंगी तो पहले तो ट्रैफिक पुलिस कुछ दिन तक महिलाओं को इस विषय पर जागरूक करेगी उसके बाद चालान करना शुरू करेगी। ध्यान रहे कि प्रशासन द्वारा नोटीफिकेशन में सिर्फ  पगड़ी या दस्तार बांधने वाली महिलाओं को ही इसमें छूट दी गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार परिवहन विभाग ने महिला हेल्मेट के ड्राफ्ट नोटीफिकेशन पर जो सुझाव मांगे थे उनमें से 95 प्रतिशत ने इसे महिलाओं की सुरक्षा को देखते हुए सही कदम बताया था। उसी को देखते हुए विभाग ने इसे महिलाओं के लिए अनिवार्य किए जाने की सिफारिश कर प्रशासक की मंजूरी के लिए भेज दिया था। प्रशासक की मंजूरी के बाद अब बिना हेल्मेट ड्राइव करने पर महिलाओं के चालान भी शुरू हो जाएंगे। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व पंजाब एंड हरियाणा हाई कोर्ट ने पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के अधिकारियों को तलब कर महिलाओं के हेलमेट पहनने पर जवाब मांगा था, इसके लिए पालिसी बनाने के आदेश भी दिए थे। उसके बाद यूटी प्रशासन ने इसका ड्राफ्ट तैयार किया। दूसरी तरफ  पंचकूला पुलिस ने पहले ही महिलाओं के हेल्मेट नहीं पहनने पर 100 रुपए का चालान शुरू कर दिया है। वूमन हेलमेट के ड्राफ्ट नोटीफिकेशन पर 19 सुझाव और शिकायतें प्रशासन के पास आए थे। इनमें चंडीगढ़ अकाली दल और एक आर्मी के रिटायर्ड अधिकारी के आलावा सभी सुझाव इसके पक्ष में आए थे। सभी ने महिलाओं की सुरक्षा को देखते हुए हेल्मेट को अनिवार्य करने के फैसले को सही माना था। अकाली दल के प्रधान हरदीप सिंह और रिटायर्ड आर्मी अफसर ने इसे अनिवार्य करना सिख धर्म के खिलाफ बताया था। उनका तर्क है कि आर्मी के जवान सीमा पर भी बिना किसी सेफगार्ड पहनकर लड़ते हैं। ऐसे में महिलाओं का भी हेल्मेट पहनना धर्म के खिलाफ  है। चंडीगढ़ पुलिस के ट्रैफिक एसएसपी ने कहा कि पुलिस पहले तो महिलाओं को जागरूक करेगी, लेकिन बाद में चालान कटने शुरू हो जाएंगे। महिलाओं को अपनी सुरक्षा को देखते हुए हेल्मेट पहनना चाहिए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App