मालरोड पर सरकार और संगठन साथ-साथ

काम करने के बाद साथियों संग घूमने निकले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, जनता की समस्याएं भी सुनीं

शिमला— सत्ता और संगठन रविवार को साथ-साथ दिखे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सचिवालय में औचक निरीक्षण और ओकओवर में संगठन के नेताओं से चर्चा करने के बाद शाम को मसरूफियत से समय निकाल मालरोड पर पहुंचे। यहां भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती, महामंत्री पवन राणा व दूसरे पदाधिकारियों के अलावा उनकी धर्मपत्नी डा. साधना ठाकुर भी साथ रहीं। इसके अलावा उनके मीडिया एडवाइजर रोहित सांवल भी मौजूद थे। बड़ी बात यह रही कि मुख्यमंत्री ने यहां मालरोड पर लोगों की समस्याएं भी सुनीं और अधिकारियों को निर्देश भी दिए। उनके घूमते-घूमते यहां बड़ी संख्या में लोग उनसे मिलने पहुंच गए, इनमें से एक युवा ने सीएम को उनकी मेडिकल की पढ़ाई में आ रही दिक्कतों के बारे में अवगत कराया, जिस पर सीएम ने अधिकारियों को मदद के निर्देश दिए। यहां सीएम के साथ सेल्फी लेने वालों की भी कमी नहीं थी। एक के बाद एक कई लोग उनके साथ सेल्फी लेते दिखे।

आशियाना में चाय की चुस्कियां

जयराम ठाकुर यहां रिज पर स्थित पर्यटन निगम के रेस्टोरेंट आशियाना में पहुंचे जहां पर उनके साथ संगठन के नेता मौजूद रहे। यहां चाय पर काफी दे तक चर्चा हुई।

काम के बाद घूमने का मन हुआ

मीडिया कर्मियों को भी उनके आने की भनक लग गई, जिन्होंने सीएम से अनौपचारिक बातचीत की। सीएम ने कहा कि रविवार है, लेकिन काम करने के बाद मालरोड का चक्कर लगाने का मन हुआ तो साथियों संग चले आए। मौसम अच्छा है, सोचा था भीड़ कम होगी, लेकिन यहां काफी तादाद में लोग मौसम का मजा ले रहे हैं। लोगों के साथ मिलना अच्छा लगता है।

नशे पर जताई चिंता

एक सवाल पर मुख्यमंत्री ने हिमाचल में ड्रग के बढ़ते कारोबार पर चिंता जाहिर की और पुलिस को  प्रदेश  में नशे के खिलाफ  सख्ती बरतने को कहा। उन्होंने माना कि तीन चार साल से हिमाचल में ड्रग का चलन बढ़ा है। सरकार नशे को लेकर जागरूकता अभियान चलाने की सोच रही थी  लेकिन अब  इसको लेकर सख्ती बरतने के पुलिस को निर्देश दिए  हैं। पंजाब की तर्ज पर कानून को सख्त करने की  जरूरत है।

आज दिल्ली जाएंगे सीएम

मुख्यमंत्री सोमवार को दिल्ली दौरे जा रहे हैं। दिल्ली  में जहां केंद्रीय मंत्रियों से हिमाचल के मुद्दों पर चर्चा करेंगे, वहीं लोकसभा चुनाव को लेकर बीजेपी के शीर्ष नेताओं के साथ चर्चा करेंगे।

घूम लें रजनी पाटिल

कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल सीएम ने चुटकी लेते हुए कहा कि वह मेहमान हैं, यहां का मौसम अच्छा  है, इसलिए घूम लें। प्रदेश में भाजपा इस बार भी चारों सीटें जीतेंगी।