रोहतक में होगी राष्ट्रीय स्कूली कोर्फबाल प्रतियोगिता

भोरंज  – अंडर-19 वर्ग की राष्ट्रीय स्कूली खेलें हरियाणा राज्य के रोहतक में होंगी। राष्ट्रीय प्रतियोगिता अक्तूबर माह से पहले सप्ताह खेली जाएंगी। इसके लिए अखिल भारतीय स्कूल खेल फेडरेशन ऑफ इंडिया ने सभी राज्यों के शिक्षाध्यक्षों व कोर्फबाल संघ को अवगत करवा दिया है। स्कूली खेलों में कोर्फबाल खेल की टीमें भेजने का आग्रह किया। इसकी पुष्टि हिमाचल प्रदेश कोर्फबाल संघ के महासचिव बंशी राम सुमन ने की है। उनका कहना है कि कोर्फबाल फेडरेशन ऑफ इंडिया ने भी देश के सभी राज्यों के महासचिवों को स्कूल फेडरेशन ऑफ  इंडिया के शेड्यूल से सूचित कर दिया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश का दुर्भाग्य है कि राष्ट्रीय स्कूली खेलों में प्रदेश के खिलाडि़यों की उपेक्षा की जाती रही है, जबकि अंडर-14 व अंडर-19 वर्ग की राष्ट्रीय स्कूली खेलों में प्रदेश के खिलाडि़यों ने 2000 से 2005 तक प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए 44 स्वर्ण व 22 कांस्य पद दिलाए हैं। कोर्फबाल की राष्ट्रीय स्कूली स्पर्धा में प्रदेश के खेल कैलेंडर में शामिल न कर खिलाडि़यों के साथ भेदभाव किया गया हैं। उन्होंने कहा कि अगर शिक्षा विभाग के पास प्रदेश की टीम को भेजने के लिए धन की कमी है, तो प्रदेश कोर्फबॉल संघ राष्ट्रीय स्कूली खेलों में टीम भेजने का सारा खर्चा स्वयं वहन करेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री व प्रदेश शिक्षा मंत्री को लिखे पत्र में प्रदेश की टीम को भेजने की मांग की है।