रौद्र ब्यास से भी नहीं डर रहे प्रवासी

भुंतर —जिला कुल्लू के भुंतर में दरिया किनारे रहने वाले प्रवासी मौत से घबराते नहीं हैं। प्रवासियों को न तो ब्यास का बढ़ा जलस्तर डरा रहा है और न ही इन पर प्रशासन और नगर पंचायत के निर्देशों का असर हो रहा है। लिहाजा, नगर पंचायत भुंतर ने प्रशासन से आग्रह करते हुए कार्रवाई करने को कहा है।  नगर पंचायत भुंतर के प्रधान कर्ण सिंह ठाकुर ने यहां जारी बयान में कहा है कि प्रवासी हटने को तैयार नहीं है और ऐसे में प्रशासन को इन पर कार्रवाई करनी चाहिए, जिससे इनकी जान बचाई जा सके। भारी बारिश और मणिकर्ण में आए नाले के कारण रौद्र रूप धारण कर ब्यास-पार्वती ने दरिया के किनारे रहने वाले लोगों के लिए अलर्ट जारी कर दिया है। जिला के भुंतर में ब्यास खतरे के निशान के पास जा पहुंची है तो यहां पर रह रहे प्रवासियों को बोरिया बिस्तर समेटने को कह दिया है। भारी बारिश के बाद कई प्रवासियों ने यहां पर अपने अस्थायी आशियानों को उठा दरिया से दूर इंतजाम कर दिए हैं, लेकिन कई ब्यास के खतरनाक तट पर ही डटे हुए हैं, जो नगर पंचायत और प्रशासन के लिए चिंता का कारण बने हुए हैं। प्रशासन ने खराब मौसम को देख प्रवासियों और दरिया के किनारे रहने वाले लोगों को अलर्ट जारी किया है और किसी भी प्रकार का खतरा मोल न लेने का फैसला लिया है। शनिवार को तीसरे दिन भी सुबह से ही जिला भर में मौसम खराब रहा और मूसलाधार बारिश दिन भर होती रही। पार्वती का स्तर बढ़ गया है। नगर पंचायत प्रधान कर्ण सिंह ठाकुर के अनुसार प्रवासियों को कई बार यहां से हटने को कहा गया है, लेकिन प्रवासी मानने को तैयार नहीं है। उन्होने जिला प्रशासन से पुलिस बल की मदद से इन्हे हटाने की गुहार लगाई है। वहीं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष यूनुस खान के अनुसार खराब मौसम के चलते दरिया किनारे जाना खतरनाक हो सकता है और लोगों का सुरक्षित स्थानों पर रहने को कहा है।