वीरभद्र से मिलीं आशा, हुई लंबी चर्चा

सीडब्ल्यूसी में शामिल होने के बाद होलीलॉज में हुई मुलाकात

 शिमला—कांग्रेस वर्किंग कमेटी में परमानेंट इनवाइटी के रूप में शामिल होने के बाद डलहौजी की विधायक व पंजाब की कांग्रेस प्रभारी आशा कुमारी ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से मुलाकात की। वह शुक्रवार को वीरभद्र सिंह से मिलने के लिए उनके आवास होलीलॉज गईं, जहां काफी देर तक सियासी चर्चा भी चली। आशा कुमारी के वीरभद्र सिंह के साथ बेहतर रिश्ते रहे हैं। हालांकि बीच में इन रिश्तों में कुछ कड़वाहट भी रही, परंतु राज परिवार से होने के चलते यह कड़वाहट ज्यादा दिन तक नहीं रही। अब दोनों में बेहतर रिश्ते हैं, जिसके चलते आशा कुमारी यहां कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू को भी नसीहत देती रही हैं। हाल ही में उन्होंने इस तरह का बयान भी दिया था कि वीरभद्र सिंह के कद को कोई झुठला नहीं सकता। लिहाजा कांग्रेस संगठन को उनके साथ मिलकर चलना चाहिए। शुक्रवार को दोनों नेताओं में काफी देर तक बातचीत हुई और इस दौरान विक्रमादित्य सिंह भी वहीं मौजूद थे। कांग्रेस में कई गुट हैं और सभी नेताओं की अपनी-अपनी बातें हैं। हालांकि रजनी पाटिल के दौरे के बाद गुटबाजी पर विराम लगने की थोड़ी संभावना जरूर है, परंतु गुटबाजी पूरी तरह से थमेगी, यह लगता नहीं है। ऐसे में अब आशा कुमारी की वीरभद्र सिंह से मुलाकात भी कई सियासी चर्चाओं को जन्म दे रही है, जो कि आजकल सुक्खू को नसीहतें देने में लगी हैं।

रजनी पाटिल ने राहुल गांधी को सौंपी रिपोर्ट

रजनी पाटिल ने राहुल गांधी को रिपोर्ट सौंप दी है, जिसके बाद अब दिल्ली से भी कोई नया आदेश जरूर आएगा। आने वाले दिनों में यहां कांग्रेस के भीतर कई घमासान मचेंगे, ये तय है। अब वीरभद्र सिंह और आशा कुमारी में हुई इस चर्चा का क्या अंजाम होगा, यह तो वक्त बताएगा।