सुक्खू को खुली बहस का चैलेंज

By: Jul 7th, 2018 12:15 am

नघूं में जनसभा के दौरान सांसद अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष को ललकारा

नादौन — सांसद अनुराग ठाकुर ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू को बहस की खुली चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि इसके लिए स्थान व समय का चयन भी ये दोनों नेता करेंगे। नादौन के निकट नघूं गांव में जनसभा के बाद पत्रकारों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए उन्होंने सुक्खू पर बरसते हुए कहा कि जो नेता अपनी सरकार के समय ही नादौन का विकास न करवा सका हो, वह अब क्या विकास करवाएंगे। ठाकुर ने कहा कि सुक्खू ने केवल विकास रोकने का काम किया है। गत पांच वर्षों में कांग्रेस सरकार के समय सुक्खू ने धौलासिद्ध परियोजना तथा सपाइस पार्क के लिए क्या किया। उन्होंने कहा कि गत कांग्रेस सरकार के समय कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने केवल विकास कार्यों को रुकवाने का ही काम किया। ठाकुर ने कहा कि गत कांग्रेस सरकार के मुखिया तथा संगठन के मुखिया ने खेलों को रोकने का प्रयास पूरे प्रदेश भर में किया, जिसके लिए उन्होंने खेल स्टेडियमों पर ताले तक लगवा दिए। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री, अजय शर्मा, ठाकुर रघुवीर सिंह, डा. नरेश, चंदू लाल चौधरी, भवानी सिंह, पवन शर्मा, अनिता ठाकुर, मंजीत सिंह, शंभू दत्त शर्मा सहित अन्य भाजपा नेता उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App