सेवादल संगठन की होगी ओवरहॉलिंग

By: Jul 14th, 2018 12:01 am

राष्ट्रीय टीम कर रही समीक्षा, हटेंगे निष्क्रिय पदाधिकारी

शिमला— दूसरे राज्यों के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश में भी कांग्रेस सेवादल की ओवरहॉलिंग की तैयारी शुरू  हो गई है। सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मुख्य संगठक लालजी देसाई ने कहा है कि अब सेवादल पुराने जैसा नहीं रहेगा, बल्कि राहुल गांधी की सोच के अनुरूप इसका स्वरूप बदला जा रहा है। हिमाचल प्रदेश में भी ऐसे पदाधिकारियों को तुरंत प्रभाव से हटाया जाएगा, जो निष्क्रिय हैं और 10 साल से अधिक समय से औहदे लेकर डटे हुए हैं। इनके कामकाज की समीक्षा के लिए एक राष्ट्रीय टीम काम कर रही है जोकि काम के हिसाब से अपनी रैंकिंग देगी। शिमला में कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारियों को संबोधित करने के बाद लाल जी देसाई ने पत्रकार वार्ता में कहा कि  आरएसएस अंतिम विचारधारा का संगठन है जो केवल एक रंग को महत्त्व देता है, परंतु कांग्रेस सेवादल राष्ट्र भक्ति की सोच के साथ आगे बढ़ता है और हर रंग, हर जाति, हर व्यक्ति को तरजीह देता है। आरएसएस के खिलाफ उन्होंने जमकर भड़ास निकाली और कहा कि सामंतवादी सोच को जल्दी ही देश की जनता खत्म कर देगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में सेवादल अब पहले की तरह ही स्वायत्त संस्था के रूप में काम करेगी। यहां पैर छूने और सैल्यूट की प्रथा को खत्म किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सेवादल की यंग बिग्रेड तैयार की जा रही है, जो अगस्त महीने से अपना काम शुरू कर देगी। उन्होंने कहा कि देश से षडयंत्रकारियों को खदेड़ने के लिए सत्याग्रह शुरू किया जाएगा, जिसमें 1000 शहरों व जिलों में प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को तिरंगा यात्रा निकलेगी। 32 जगहों पर एक जगह पर फ्लैग मार्च किया जाएगा और 31 अक्टूबर को ब्लड डोनेशन कैंप लगेंगे। सेवादल जल्दी ही तपस्वी ट्रेनिंग कैंप व चुनावी प्रशिक्षण कैंप शुरू करेगा। इन सभी कार्यों के लिए 1 हजार दिनों का रोड मैप तैयार किया गया है। इस मौके पर उनके साथ प्रदेश प्रमुख मुख्य संगठक अनुराग शर्मा भी मौजूद थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App