कविता जैन को झटका, रामबिलास को पावर

चंडीगढ़— मिशन 2019 मोड पर निकली बीजेपी सरकार के मंत्रिमंडल में एक बार फिर मंत्रियों के विभागों में फेरबदल हो गया है। इस फेर में लगातार दूसरी बार मंत्री कविता जैन के विभाग में कटौती कर दी गई है। शुक्रवार को सरकार ने एक आदेश जारी करके कविता जैन से आर्ट एंड कल्चर विभाग वापस लेकर संसदीय कार्य मंत्री रामविलास शर्मा को दे दिया है। अब उनके पास आठ विभाग हो गए हैं और प्रोटोकॉल के हिसाब से वह मुख्यमंत्री मनोहर लाल के बाद कैबिनेट में दूसरे पायदान पर हैं। सरकार ने कुछ समय पहले कविता जैन से लोक संपर्क विभाग भी ले लिया था। कविता जैन से तब यह विभाग इस लिए वापस लिया गया था, क्योंकि तब उनके पति तथा वरिष्ठ बीजेपी नेता राजीव जैन को मुख्यमंत्री का मीडिया सलाहकार नियुक्त किया गया था। इस हिसाब से बैलेंस बनाने के लिए यह प्रक्रिया अपनाई गई थी। जैन इस समय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के अलावा शहरी निकाय विभाग भी संभाल रही हैं। वह कैबिनेट में एकमात्र महिला मंत्री हैं।