कांग्रेस को भितरघातियों से खतरा

By: Aug 12th, 2018 12:15 am

ऊना के बहडाला में बोलीं रजनी पाटिल, सबको साथ लेकर चलना है

बहडाला (ऊना)— कांग्रेस में अनुशासनहीनता को कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह बात बहडाला में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी प्रभारी रजनी पाटिल ने कही। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं में दिख रहे जोश से आभास हो रहा है कि पार्टी 2019 के लोकसभा चुनावों में हिमाचल की चारों सीटों पर जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस को सिर्फ भितरघात करने वाले हमारे ही लोगों के अलावा कोई दूसरा नहीं हरा सकता। पार्टी में सबको साथ लेकर चलना है तथा 2019 में राहुल गांधी के हाथ मजबूत करने के लिए काम करना है। उन्होंने कहा कि न खाऊंगा-न खाने दूंगा की बात कर सत्ता में आए नरेंद्र मोदी देश के चौकीदार नहीं, बल्कि भागीदार, हिस्सेदार व गुनहगाहर हैं। मोदी सरकार ने राफेल डील में 135 लाख करोड़ का घोटाला किया है। राहुल गांधी ने संसद में 20 मिनट के संबोधन में मोदी सरकार का चेहरा बेनकाब कर दिया। रजनी पाटिल ने कहा कि उन्हें पंजाबी भाषा नही आती, लेकिन इस क्षेत्र के लगातार प्रवास के बाद एक बात पंजाबी में एक नारा जरूर समझ आया है। रजनी पाटिल ने पंजाबी में ‘राहुल गांधी की बल्ले-बल्ले-भाजपा वाले थल्ले-थल्ले’ नारा भी लगवाया। सम्मेलन में सीएलपी नेता मुकेश अग्निहोत्री, विधायक सतपाल रायजादा व रामलाल ठाकुर, अजय महाजन, कुलदीप कुमार, राकेश कालिया, बंबर ठाकुर, रामनाथ शर्मा, गणेश दत्त भरवाल, विवेक शर्मा, वीरेंद्र धर्माणी, हजारी लाल धीमान, संजीव ठाकुर, अविनाश कपिला सहित अन्य उपस्थित रहे।

वीरभद्र सिंह में हमसे ज्यादा ऊर्जा

सम्मेलन में रजनी पाटिल ने कहा कि वीरभद्र सिंह हमारे वरिष्ठ नेता हैं। हमारे से ज्यादा उनमें ऊर्जा है। अगर उन्हें कोई बजुर्ग कहे तो उन्हें गुस्सा आता है। वह छह बार के सीएम रह चुके हैं। प्रदेश के विकास में उनका अहम योगदान है। उनको साथ लेकर चुनाव लड़ना है तथा पूरी ताकत सोनिया व राहुल गांधी को मजबूत करने में लगानी है।

अंतर्कलह कांग्रेस में नहीं, भाजपा में

रजनी पाटिल ने कहा कि भाजपा वाले हिमाचल कांग्रेस में फूट की बात करते है, जबकि भाजपा स्वयं अंतर्कलह की शिकार है। भाजपा बताए कि उनके सीएम कैंडीडेट व प्रदेशाध्यक्ष की विस चुनावों में हार क्यों हुई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App