धर्मवीर धामी के समर्थन में कार्यकर्ता

कुल्लू—पूर्व मुख्यमंत्री के एकदिवसीय कुल्लू दौरे के दौरान यहां रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह अपने सबसे करीबी नेता धर्मवीर धामी के घर दोपहर का भोजन करने के लिए पहुंचे। इस दौरान उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। यहां आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस महासचिव धर्मवीर धामी ने कहा कि भले ही कांग्रेस का कुनबा यहां बंटा हुआ है, लेकिन आज सब यहां एकत्रित हुए हैं।  उन्होंने नितिन कुमार पर भी जमकर निशाना साधा और प्रदेश सरकार को भी जमकर खरी खोटी सुनाई। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ने गुडि़या प्रकरण मामले में सीबीआई की जांच की बात की थी, लेकिन प्रदेश की वर्तमान सरकार ने इस मामले में क्या किया जनता भलीभांति जानती है। उन्होंने कहा कि जीएसटी लगने से आज कई विकास  कार्य रुके हुए हैं। उन्होंने मीडिया जगत में भी कुछ पत्रकारों के साथ हुए व्यवहार को लेकर दुख जताया कि आज चौथे स्तंभ के साथ ऐसा हो रहा है तो आम व्यक्ति का केंद्र सरकार क्या हाल करेगी। वहीं, प्रदेश के वन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर पर भी धर्मवीर धामी ने जमकर तंज कसा। उन्होंने बंजार में हुए उपचुनाव में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी दुष्यंत ठाकुर की जीत को आने वाले लोकसभा चुनाव की पहली जीत बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग अब घबरा चुके हैं। उन्हें मालूम पड़ गया है कि वे अब टिकने वाले नहीं है।

मुझे हराने में अपनों का हाथ

इस दौरान मनाली से कांग्रेस के प्रत्याशी रहे हरि चंद शर्मा ने  प्रदेश सरकार को कोसा। उन्होंने कहा कि उन्हें हराने के लिए पीछे किन अपने ही लोगों का साथ है। वह भलीभांति जानते हैं।  हरि चंद शर्मा ने कहा कि आने वाले चुनाव में भी कांग्रेस मजबूती से काम करेगी।  वहीं, कार्यक्रम के अंत में नगर परिषद के उपाध्यक्ष गोपाल कृष्ण मंहत ने ऐलान करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए भले ही कई नेताओं का नाम कुल्लू में चल रहा हो, लेकिन कुल्लू से अगर कोई सशक्त उम्मीदवार है तो वह धर्मवीर धामी है। उन्हें एक बार मौका मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर उन्हें जीत हासिल करवाने में कड़ी मेहनत करेंगे। उन्होंने कहा कि हार के बाद भी धन्यवाद कार्यक्रम के तहत उन्होंने घर-घर जाकर लोगों का आभार जताया, जहां पर लोगों को आश्वासन दिया है कि वह हमेशा उनका काम करने में आगे रहेंगे।