नशे से बचाने आगे आए बालीवुड स्टार

अभिनेता अनुपम खेर व अभिनेत्री प्रीटि जिंटा वीडियो के माध्यम से हिमाचली युवाओं को कर रहे सचेत

हमीरपुर— प्रदेश को नशे से बचाने के लिए अब बालीवड सितारे आगे आए हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से हिमाचल को नशे से बचाने के लिए पुलिस की मदद करने की गुहार लगाई जा रही है। अभिनेता अनुपम खेर व अभिनेत्री प्रीटि जिंटा ने प्रदेश के लोगों से नशे के खिलाफ पुलिस की मदद करने का आग्रह किया है। प्रीटि जिंटा ने अपने वीडियो में कहा कि हिमाचल के लड़के-लड़कियां नशे का व्यापार करने वालों की जानकारी पुलिस को दें, जिससे नशे के व्यापार पर अंकुश लगाया जा सके। वहीं अनुपम खेर ने भी युवाओं से आग्रह किया है कि नशे से दूर रहें। नशे का व्यापार करने वालों की जानकारी पुलिस को दें। जाहिर है कि आए दिन नशे के साथ लोगों को पकड़ जा रहा है। चरस मिलना तो अब आम बात हो गई है। रोजाना लोगों के पास से पुलिस चरस बरामद कर रही है। इससे सहज अंदाजा लगाया जा सकता है कि युवा पीढ़ी नशे की गर्त में जा रही है। वहीं कई जगहों पर छापामारी के दौरान नशीले कैप्सूल सहित अन्य सामग्री भी बरामद की जा चुकी है। नशे पर पूरी तरह से अंकुश लगाना पुलिस को लिए भी संभव नहीं हो रहा है। हालांकि समय-समय पर पुलिस नशे के खिलाफ मुहिम छेड़ रही है। हिमाचल जैसे शांत राज्य में भी नशे ने पांव फैला लिए हैं। ऐसे में अब हिमाचल के युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए बालीवुड सितारे भी मैदान में उतर गए हैं। सोशल मीडिया पर नशे के कारोबारियों का पता पुलिस को बताने का आग्रह किया जा रहा है। इस बारे में पुलिस अधीक्षक हमीरपुर रमन कुमार मीणा ने बताया कि नशे का व्यापार करने वालों की जानकारी पुलिस को दें। नशे के खिलाफ जितना हो सकता है जागरूकता फैलाएं, ताकि नशे के दुष्प्रभावों से हरेक व्यक्ति अवगत हो। उन्होंने कहा कि जागरूकता के कारण ही नशे की प्रवृत्ति को समाप्त किया जा सकता है। गौरतलब है कि हिमाचल के नौजवान नशे की चपेट में आ रहे हैं। नशे का कारोबार करने वाले स्कूल -कालेजों के युवक-युवतियों को नशा बेचकर चांदी कूट रहे हैं और युवा पीढी का भविष्य बर्बाद कर रहे है। इसी के चलते नशे के खिलाफ बालीवुड सितारों ने जागरूकता मुहिम छेड़ दी है।